सुरभि न्यूज़
चांदपुर / बिलासपुर
कल्याण कला मंच बिलासपुर की मासिक संगोष्ठी और द्विवार्षिक चुनाव सात दिसंबर को बामटा पंचायत के साकेत होम स्टे के रूफ टॉप पर संपन्न हुए। बैठक की अध्यक्षता ललिता कश्यप ने की जबकि सह अध्यक्षता नैन देवी जी के लेखक और राज्य शिक्षा पुरस्कार से अलंकृत परमजीत सिंह कहलूरी ने की। बैठक में निर्णय लिया कि मंच 14 दिसंबर को निचली भट्टेड के वयोवृद्ध वीर सैनिक नन्द लाल शर्मा को उनके घर पर जा कर सम्मानित करेगा। प्रधान ने जानकारी दी कि प्रस्तावित बाल कविता संग्रह पुस्तक 27 लेखकों की रचनाओं के साथ प्रेस में प्रिंटिंग के लिए जा चुकी है। ये फैसला सभी की सहमति से लिया गया कि मंच की पांच सदस्यीय कोर कमेटी मंच की भलाई और हित में कोई भी निर्णय बहुमत से लेने की अधिकारी होगी।
मंच के प्रधान सुरेन्द्र मिन्हास ने द्विवार्षिक चुनाव संपन्न कराने से पूर्व पिछली कार्यकारिणी का त्यागपत्र दिया। बृज लाल लखनपाल, जीत राम सुमन और नरेंद्र दत्त शर्मा जी को पर्यवेक्षकों के आसन पर बिठा कर चुनावी प्रक्रिया पूर्ण हुई। रविंद्र ठाकुर ने विभिन्न पदों के लिए पैनल पेश किया। लंबी चर्चा और मंथन के बाद चुनाव सर्व सम्मति से संपन्न हुए जिनमें तृप्ता कौर मुसाफिर को प्रधान, बाबू राम धीमान को महासचिव, श्याम सुंदर सहगल को कोषाध्यक्ष, अमरनाथ धीमान को संरक्षक और सुरेन्द्र मिन्हास को निदेशक चुना गया है। इनका कार्यकाल 2 वर्ष रहेगा और ये पदाधिकारी 15 दिनों के भीतर कार्यकारिणी का गठन करेंगे।
अंत में नवगठित पदाधिकारियों ने पूर्व प्रधान सुरेन्द्र मिन्हास को उनकी प्रदेश के लिए की गई साहित्यिक सेवा और मंच को बुलंदियों तक ले जाने में उनकी कर्तव्य निष्ठा के लिए काले बाबा सर्वश्रेष्ठ अध्यक्षता सम्मान 2025 से सम्मानित करते हुए उन्हें बैज, माता की दिव्य चुनरी, पुष्पहार और प्रमाणपत्र प्रदान किया।












