सुरभि न्यूज़
मणिकर्ण/कुल्लू : 08 दिसंबर
जिला कुल्लू के मणिकर्ण घाटी की ग्राम पंचायत पुन्थल के गांव ढडेई में बीती आधी रात को हुए भीषण अग्निकांड में करोड़ों की संपत्ति स्वाह हो गई। इस अग्निकांड में 2 तीन मंजिला काष्ठकुणी शैली के मकान, 2 मंजिला मंदिर सराय भवन और देवता अठारह पेड़े का 4 मंजिला काष्ठकुणी शैली से बना भंडार आग में जलकर पूरी तरह से राख हो गया है। आगजनी की इस घटना में करीब 1 करोड़ 20 लख रुपए की संपत्ति के नुकसान का आकलन किया गया है।
गौरतलब है कि बीती रात मणिकर्ण घाटी के ढडेई गांव में आग लगने के बाद अफरा तफरी का माहौल बना रहा। इस दौरान अग्निशमन विभाग के आधा दर्जन कर्मचारियों ने 3 किलोमीटर खड़ी चढ़ाई चढ़कर घटनास्थल पर पहुंचकर वाटर पंप जोड़कर 6 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे तक आग पर काबू पाया जा सका।
आगजनी की इस घटना में लीला देवी, प्यारे लाल, पूर्ण चंद व भुवनेश्वरी का 12 कमरे और 2 हॉल काष्ठकुणी शैली में निर्मित मकान व श्याम सुंदर का काष्ठकुणी शैली का 3 मंजिला मकान के 18 कमरे 2 हाल वाला मकान जल कर राख हो गए। इसके साथ ही 2 मंजिला मंदिर सराय भवन और देवता अठारह पेड़े का 4 मंजिला काष्ठकुणी शैली से बना भंडार भी आग में जलकर पूरी तरह से राख हो गया।
अग्निशमन विभाग की जरी चौकी प्रभारी टीकम राम ने बताया कि बीती रात करीब 2:11 बजे अग्निशमन चौकी जारी में ढडेई गांव में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग के आधा दर्जन कर्मचारी फायर टेंडर के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुए।
बताया कि कर्मी 8 किलोमीटर सड़क मार्ग के बाद 3 किलोमीटर की खड़ी चढ़ाई चढ़कर घटनास्थल पर पहुंचे। वहां पर जल शक्ति विभाग की पेयजल पाइपों और स्थानीय ग्रामीणों के पानी की टंकी में वाटर पंप जोड़कर कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया।
उन्होंने बताया कि आगजनी की घटना में तीन मंजिला काष्टकुणी शैली के दो मकान और एक देवता 18 पेड़े की सराय भवन और काष्टकुणी शैली का चार मंजिला देवता का भंडार जलकर राख हो गया है।
उन्होंने बताया कि आगजनी में ग्रामीणों के सोने, चांदी के आभूषण, बर्तन, बिस्तर, लकड़ी से बने सामान और खाने-पीने की राशन सामग्री सहित घर के अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हुआ है।
उन्होंने बताया कि अग्निशमन विभाग ने 2 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्ति बचाई है जबकि विभाग के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत कर करीब 7 घंटे के बाद आग पर काबू पाया है।
वहीं अग्निकांड की सूचना मिलते ही पुलिस व राजस्व महकमे की टीम भी मौके पर पहुंच कर कार्रवाई में जुट गई है। फ़िलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस जांच कर रही है।











