Listen to this article
सुरभि न्यूज़
छविन्द्र शर्मा, आनी
आनी के राजा रघुवीर सिंह स्टेडियम में जिला परिषद अध्यक्ष पंकज परमार द्वारा अपने स्वर्गीय पिता हंसराज परमार की पुण्य तिथि के अवसर पर एक प्रेरणादायी रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन मानवीय सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का सशक्त संदेश लेकर सामने आया, जिसमें क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
रक्तदान शिविर में आईजीएमसी शिमला की विशेषज्ञ टीम ने भाग लिया, जिसने अपने ब्लड बैंक के लिए कुल 103 यूनिट रक्त एकत्र किया। शिविर के दौरान रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच के बाद सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से रक्त संग्रह किया गया।
आईजीएमसी से पहुंचे डॉ. सुधीर ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि रक्तदान एक ऐसा महादान है. जिससे अनेक गंभीर रोगियों और दुर्घटना पीड़ितों की जान बचाई जा सकती है।
इस अवसर पर आईजीएमसी शिमला से सीनियर टेक्नीशियन राजन भीमटा के साथ-साथ रूपलाल शर्मा, रेणु प्रिया, दिवाकर और गोवर्धन ने भी शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शिविर की एक विशेष उपलब्धि यह रही कि इस दौरान 15 लोगों ने मरणोपरांत अंगदान करने का भी संकल्प लिया। यह निर्णय समाज में अंगदान के प्रति बढ़ती जागरूकता और सकारात्मक सोच को दर्शाता है।
इस मौके पर जिप कुल्लू के अध्यक्ष पंकज परमार ने कहा कि उनके स्वर्गीय पिता हंसराज समाजसेवा को सर्वोपरि मानते थे और उनकी स्मृति में रक्तदान एवं अंगदान जैसे कार्यों का आयोजन करना उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने सभी रक्तदाताओं. आईजीएमसी की टीम और आयोजन से जुड़े स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया।











