हिमाचल के नालागढ़ मे बद्दी की विजिलेंस टीम ने फॉरेस्ट गार्ड को 50 हज़ार की रिश्वत लेते रंगेहाथ धरा 

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

बद्दी (सोलन), 16 दिसंबर

हिमाचल प्रदेश के पुलिस जिला बद्दी की विजिलेंस टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नालागढ़ की पल्ली बीट में तैनात एक फॉरेस्ट गार्ड को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी फॉरेस्ट गार्ड की पहचान मुकेश कुमार के रूप में हुई है, जिसको गिरफ्तार कर लिया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी फॉरेस्ट गार्ड एक व्यवसायी से किसी शिकायत के निपटारे की एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था। पीड़ित से बातचीत के बाद 50 हजार रुपए में मामला रफा-दफा करने पर सहमति बनी, लेकिन बार-बार रिश्वत की मांग से परेशान होकर पीड़ित ने विजिलेंस थाना बद्दी में शिकायत दर्ज करवाई।

शिकायत मिलते ही डीएसपी विजिलेंस डा. प्रतिभा चौहान के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जाल बिछाया और आरोपी फॉरेस्ट गार्ड को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों धर दबोचा। विजिलेंस टीम ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

डीएसपी विजिलेंस डा. प्रतिभा चौहान ने बताया कि नालागढ़ की पल्ली बीट में तैनात एक फोरैस्ट गार्ड को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा और मामले में आगे की जांच जारी है।

एसपी विजिलेंस वीरेंद्र कालिया ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि विभाग भ्रष्टाचार के प्रति ‘जीरो टॉलरैंस’ नीति पर काम कर रहा है और इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *