सुरभि न्यूज़
सोलन, 18 दिसम्बर
प्रदेश भर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस चौकी डग्शाई की टीम ने एक युवक से 3.44 ग्राम चिट्टा बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक सोलन गौरव सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस चौकी डग्शाई की एक टीम चौकी क्षेत्र में गश्त एवं अपराधों की रोकथाम हेतु रवाना थी। इसी दौरान उक्त टीम को गुप्त सूत्रों से सूचना प्राप्त हुई कि केतन राव नामक युवक, पंचकुला से काफी मात्रा में चिट्टा/हेरोइन लेकर आया है, जिसे वह MMM&CH में पढ़ने वाले छात्रों को बेचने की फिराक में है।
इस सूचना पर पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए उक्त युवक को काबू किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 3.44 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया गया।
आरोपी की पहचान केतन राव पुत् प्रकाश चाँद, निवासी सुंदर नगर, जिला मंडी (हि.प्र.), उम्र 19 वर्ष के तौर पर हुई है। इस संबंध में उपरोक्त मामले को पुलिस थाना धर्मपुर में पंजीकृत किया गया। मामले की जांच के दौरान आरोपी से गहनता से पूछताछ की गई। आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है।मामले में जाँच जारी है।











