सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, कुल्लू : 18 दिसंबर
कुल्लू सेंट्रल मॉल आईएसबीटी सरवरी में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, कुल्लू के सहयोग से रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। कुल्लू सेंट्रल के प्रोजेक्ट हेड दिक्षित मल्होत्रा के नेतृत्व में युवाओं को रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए स्वैच्छिक भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
इस शिविर में एडीएम कुल्लू अश्विनी कुमार और एसी टू डीसी जयवंती ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। शिविर में 60 लोगों ने पंजीकरण कराया, परंतु ब्लड बैंक में पर्याप्त स्टॉक होने के कारण रक्त संग्रह सीमित रखते हुए 35 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। सभी रक्तदाताओं को मुख्यतिथि एवं कुल्लू सेंट्रल द्वारा संयुक्त रूप से प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
यह रक्तदान शिविर रेड क्रॉस सोसाइटी के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को समय पर रक्त उपलब्ध कराकर कीमती जिंदगियां बचाना है।
इस अवसर पर सीएसए ग्रुप के निदेशक अभिनव मित्तल एवं रेड क्रॉस सोसाइटी, कुल्लू के वी. के. मौदगिल को सहयोग के लिए धन्यवाद दिया गया। यह आयोजन कुल्लू सेंट्रल की सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
एडीएम कुल्लू अश्विनी कुमार ने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि रक्तदान से न केवल जरूरतमंद मरीजों की जान बचती है, बल्कि समाज में मानवीय संवेदनाओं को भी मजबूती मिलती है। उन्होंने युवाओं से आगे बढ़कर ऐसे शिविरों में भाग लेने का आह्वान किया।












