सुरभि न्यूज़
ख़ुशी राम ठाकुर, बरोट
लोकनिर्माण विभाग दुर्गम छोटाभंगाल तथा चौहार घाटी के बस यात्रियों को सम्पूर्ण सुविधा प्रदान करने के लिए दिलचस्पी नहीं दिखा रहा है जिससे यात्रियों भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
समाज सेवी एवं पूर्व सूबेदार राम सरन चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि चौहार घाटी में घटासनी से बरोट सड़क मार्ग में एक तो यात्रियों की सुविधा के लिए बस ठहरावों में पर्याप्त वर्षाशालिकाएं नहीं है।
उन्होंने कहाकि बरोट घटासनी 25 किलोमीटर सड़क मार्ग के बीच में अभी तक घटासनी, फियून गलू तथा बरोट में ही वर्शाशालिकाओं का निर्माण किया गया है जबकि झटिंगरी, पारला टिक्कन, मुख्य बाजार टिक्कन, सुराण, लचकंडी, वरधान, वोचिंग, गुराहला, रूलिंग नाला तथा ढरांगण बस ठहराव सहित बरोट – मियोट सड़क मार्ग पर सभी बस ठहरावों में वर्षाशालिकाओं का निर्माण नहीं किया गया है जिससे यात्रियों को सभी मौसमों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वहीँ छोटाभंगाल की सड़कों में लोकनिर्माण विभाग ने मुल्थान – बड़ाग्रां 16 किलोमीटर सड़क मार्ग के बीच मुल्थान, दोपनी, चेलरा दी मलाह तथा थली नामक बस ठहरावों पर ही वर्षाशालिकाओं का निर्माण किया है जबकि दयोट, चांदनी चौक, सब्जी मंडी धरमाण के समीप, सरला, कोठी कोहड़, नलहौता तथा मुख्य बस ठहराव बड़ाग्रां में वर्षा शालिकाओं का निर्माण नहीं किया गया है।
सूबेदार राम सरन चौहान सहित चौहार घाटी के समस्त लोगों ने सरकार तथा लोकनिर्माण विभाग से आग्रह किया है कि घाटीवासियों की बेहतर सुविधा के लिए इन बस ठहरावों मे वर्षाशालिकाओं का निर्माण किया जाए।










