सुरभि न्यू
ख़ुशी राम ठाकुर, बरोट
छोटाभंगाल के पोलिंग गाँव के लोगों की जोरदार मांग को मद्देनज़र रखते हुए सरकार ने इस गाँव की बेहतर सुविधा के लिए लोहारडी से आगे दो किलोमीटर पोलिंग गाँव तक बस योग्य सड़क मार्ग का निर्माण किया है।
वर्ष 2019 में इस सड़क मार्ग में टायरिंग का कार्य भी कर दिया है जिसके चलते इस सड़क मार्ग पर जीप, कार तथा दो पहिए वाहन तो आसानी दौड़ रहे हैं मगर लगभग पांच वर्षों के बीत जाने के बावजूद भी इस गाँव के समस्त लोग बस सुविधा के लिए अभी तक तरस रहे हैं ।
पूर्व बीडीसी सदस्य श्याम लाल ने बताया की इस सडक मार्ग पर बस को चलाने के लिए सरकार तथा बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल को कई बार गाँव स्तर तथा पंचायत स्तर पर मौखिक रूप से अवगत करवाने के साथ – साथ लिखित रूप से प्रस्ताव भी पारित किए जा चुके हैं। मगर अब तक इस गंभीर समस्या का कोई भी हल नहीं हो पाया है।
वहीँ दूसरी ओर इस वर्ष ही 28 फरवरी को भारी बार्ष के कारण घाटी में हुए अन्य नुक्सान के साथ इस सडक मार्ग में जगह – जगह भूस्खलन के कारण पोलिंग में स्थित बस ठहराव में खड़ी की गई पोलिंग गाँव के लगभग अठारह छोटे वाहन चालकों की गाड़ियां क्षतिग्रस्त होने के साथ- साथ मलवे की चपेट में आने से बह गई है।
उन्होंने कहा की पोलिंग गांव में लगभग डेढ़ सौ परिवार रहते हैं मगर इस गाँव के लोगों की सुविधा के लिए इस सड़क मार्ग में बस को चालू करना तो दूर की बात है मगर बारिश के कारण इस सड़क मार्ग में जगह – जगह गिरे ल्हासे, बड़े – बड़े पत्थर को लोकनिर्माण विभाग द्वारा सही ढंग से न हटाने के साथ ढहे हुए डंगे तक का पुनर्निर्माण ही नहीं कर पाया है।
जिस कारण पोलिंग गाँव के समस्त लोगों में सम्बन्धित विभाग तथा सरकार के प्रति गहरा रोष पनपा हुआ है। श्याम लाल ने पोलिंग गाँववासियों की ओर से लोकनिर्माण विभाग उच्चाधिकारियों तथा बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल से एक बार फिर से मांग की है कि पोलिंग गाँववासियों की बेहतर सुविधा के लिए इस सड़क मार्ग को ठीक क्र बस सेवा बहाल की जाए।











