बेसहारा पशुओं को गौशाला तक पहुंचाएगी समिति –  अनुपम कश्यप

Listen to this article
सुरभि न्यूज़, शिमला : जिला शिमला में सड़क किनारे घूम रहे बेसहारा पशुओं को गोशाला तक पहुंचाने के लिए हर उपमंडल स्तर पर समिति गठन को लेकर अधिसूचना आज उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने जारी कर दी है।
इस अधिसूचना के अनुसार समिति के अध्यक्ष एसडीएम होंगे। इसके साथ ही अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, खंड विकास अधिकारी, थाना प्रभारी, नगर निकाय /पंचायत सदस्य, स्थानीय गौशाला का प्रतिनिधि/ पशु आश्रय के प्रतिनिधि इस समिति के सदस्य रहेंगे। इसके अलावा वरिष्ठ पशु चिकित्सक समिति के सदस्य सचिव के तौर पर नियुक्त होंगे।
इस समिति को बेसहारा पशुओं को 15 दिनों के भीतर उपमंडल के परिधि क्षेत्र से इकट्ठा करके गौशाला तक पहुंचाना होगा। फिर इसकी रिपोर्ट 15 दिन बाद उपायुक्त को पेश करनी होगी।  उपायुक्त ने 15 दिवसीय विशेष अभियान की अधिसूचना जारी कर दी है। यह अभियान हर उपमंडल में एसडीएम की अध्यक्षता में समिति के माध्यम से धरातल पर लागू किया जाएगा। उपायुक्त की अध्यक्षता में आयोजित विशेष बैठक में फैसला लिया गया कि जनवरी 2026 में जिला शिमला के सभी चिन्हित स्थानों पर घूम रहे बेसहारा पशुओं को नजदीकी गौ सदनों में पहुंचाया जाएगा। नव वर्ष में पूरा जिला बेसहारा पशु मुक्त बनाया जाएगा।
जिला भर में 272 बेसहारा पशु चिन्हित
उपायुक्त ने बताया कि पशुधन हमारी धरोहर है, इन्हें बेसहारा नहीं छोड़ना चाहिए। जिन भी लोगों ने अपने पशु छोड़े है उनसे विनम्र आग्रह है कि अपने पशुओं को वापिस ले जायें। उन्होंने कहा कि सर्दियों में बेसहारा पशुओं की जान जाने का खतरा भी रहता है। इसके अलावा सड़क दुर्घटनाएं भी इनकी वजह से होती है। जिला प्रशासन के आदेशों पर पशुपालन विभाग ने एक सर्वेक्षण हाल ही में करवाया था जिसमें पाया गया कि पशु पूरे जिला भर में 272 बेसहारा हैं। अब इन सभी बेसहारा पशुओं को नजदीकी गौ सदनों में पहुंचाया जाएगा। जिला में विभिन्न गौ सदनों में करीब 3500 के करीब पशुओं को रखने की क्षमता है। लेकिन अभी तक 2500 के करीब पशु ही रखे गए हैं। ऐसे में 272 पशुओं को क्षमता के अनुसार नजदीकी गौ सदनों तक पहुंचाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *