छोटा भंगाल के महाविद्यालय मुल्थान में सड़क सुरक्षा जागरूकता दिवस किया आयोजित

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

ख़ुशी राम ठाकुर, बरोट

राजकीय महाविद्यालय मुल्थान में एक दिवसीय सड़क सुरक्षा जागरूकता दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें महाविद्यालय के सभी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

महाविद्यालय मुल्थान के कार्यकारी प्राचार्य डाक्टर अनमोल ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम दौरान पुलिस चौकी मुल्थान के प्रभारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की जानकारी दी तथा सड़क पर पालन किए जाने वाले ‘क्या करें और क्या न करें’ पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला।

उन्होंने हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा शराब का सेवन करने के बाद वाहन न चलाने पर विशेष बल दिया। साथ ही विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों से दूर रहने की सलाह भी दी गई।

इस अवसर पर सड़क सुरक्षा प्रकोष्ठ के प्रभारी डाक्टर अभिषेक सिंह विशेषरूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यक्रम की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।

महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य डाक्टर अनमोल ने कार्यक्रम की सफलता पर आयोजकों एवं विद्यार्थियों को बधाई दी और कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं में जिम्मेदार नागरिकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों द्वारा यातायात नियमों के पालन की शपथ के साथ किया गया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *