सुरभि न्यूज़
परस राम भारती, बंजार : 25 दिसंबर
भारत सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान “पोषण भी पढ़ाई भी” के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग, परियोजना बंजार द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 25 दिसंबर से 27 दिसंबर तक तीन दिनों तक चलेगा।
बाल विकास परियोजना अधिकारी बंजार चंपा शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ECCE) को सुदृढ़ करना है, ताकि बच्चों को उचित पोषण के साथ-साथ खेल-खेल में शिक्षा दी जा सके और उन्हें कुपोषण से मुक्त किया जा सके। इसके साथ ही राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 के तहत बच्चों के समग्र विकास को सुनिश्चित करना भी इस अभियान का प्रमुख लक्ष्य है।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को कुपोषण प्रबंधन, पोषण ट्रैकर, तथा ‘नवचेतना’ और ‘आधारशिला’ जैसे पाठ्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है। इससे कार्यकर्ता बच्चों को गुणवत्तापूर्ण प्री-स्कूल शिक्षा, बेहतर पोषण और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करने में सक्षम बनेंगी।
इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में पर्यवेक्षक मोतीराम, कश्मीर सिंह नायक, रेखा कुमारी, इंदिरा ठाकुर तथा ब्लॉक कोऑर्डिनेटर वंदना शर्मा द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वर्तमान बैच में 100 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं भाग ले रही हैं, जबकि शेष कार्यकर्ताओं को दूसरे बैच में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
महिला एवं बाल विकास विभाग का यह प्रयास क्षेत्र में बच्चों के बेहतर भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे पोषण, शिक्षा और स्वास्थ्य तीनों क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव आने की उम्मीद है।













