सुरभि न्यूज़
छविन्द्र शर्मा, आनी
जिल कुल्लू के उपमंडल मुख्यालय आनी स्थित मेला मैदान में हिंदू सम्मेलन समिति के तत्वावधान में भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आरएसएस सहित क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों, युवाओं और मातृशक्ति की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। सम्मेलन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचार प्रमुख प्रताप मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
उन्होंने कहा कि हिंदू समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकता, समृद्ध संस्कृति और राष्ट्रभक्ति में निहित है। उन्होंने समाज से अपनी जड़ों को पहचानने और संस्कारों को अपनाकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युवा न केवल शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़े, बल्कि समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण में भी अपनी सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करे।
मुख्य वक्ता ने कहा कि इस प्रकार के सम्मेलन समाज को नई दिशा देने के साथ-साथ राष्ट्र और संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक सिद्ध होते हैं। वहीं उन्होंने भजन, भोजन और भ्रमण को परिवार सहित करने का आहवान किया।
कार्यक्रम में आनी विधानसभा क्षेत्र के विधायक लोकेंद्र कुमार, डॉ. गुलाब सिंह मेहता, भाजपा मंडल अध्यक्ष वेद ठाकुर, योगेश वर्मा, विनोद चंदेल, राम सिंह ठाकुर, नवल ठाकु तथा देवेंद्र ठाकुर सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्कूलों के बच्चों ने कविता पाठ और समूह गान प्रस्तुत किए, वहीं बच्चों द्वारा सुंदर पारंपरिक परिधानों में नाटी नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया। इसके अतिरिक्त अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। सम्मेलन का समापन राष्ट्र, समाज और संस्कृति के प्रति समर्पण के संकल्प के साथ हुआ।












