जिला कुल्लू के जनिहार गाँव में अग्नि पीड़ित परिवारों को समर्पण संस्था द्वारा प्रदान की ₹40,000 आर्थिक सहायता

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

बंजार, कुल्लू, 29 दिसंबर

कुल्लू जिला के जनिहार गाँव में हाल ही में हुई अग्नि दुर्घटना से प्रभावित परिवारों की सहायता हेतु समर्पण संस्था द्वारा मानवीय संवेदना के तहत ₹40,000 (चालीस हजार रुपये) की राहत राशि प्रदान की गई।

 

इस अवसर पर समर्पण संस्था के सचिव पवन सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह राशि समाज के सहयोग, दानदाताओं एवं शुभचिंतकों के सहयोग से एकत्र की गई है। उन्होंने कहा कि यह सहायता पीड़ित परिवारों के हुए नुकसान की पूरी भरपाई तो नहीं कर सकती, लेकिन संकट की इस घड़ी में उनके साथ खड़े होने का एक छोटा-सा प्रयास है।

उन्होंने यह भी बताया कि इससे पूर्व समर्पण संस्था द्वारा आपदा राहत के अंतर्गत शारची पंचायत के बंदाल गाँव में ₹1,20,000 (एक लाख बीस हजार रुपये) की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गुशैणी को भी ₹9,000 (नौ हजार रुपये) की आर्थिक सहायता प्रदान की गई थी।

उल्लेखनीय है कि समर्पण संस्था पिछले 8 वर्षों से कुल्लू क्षेत्र में बच्चों को निःशुल्क ट्यूशन सुविधा प्रदान कर शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर योगदान दे रहा है।

पवन सिंह ने कहा कि समर्पण संस्था शिक्षा, समाज सेवा एवं आपदा राहत के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय है और भविष्य में भी किसी भी आपदा या आवश्यकता के समय जरूरतमंदों की सहायता के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *