सुरभि न्यूज़
केलांग, 30,दिसंबर
जिला स्तरीय परामर्श समिति (DCC) और जिला स्तरीय समीक्षा समिति (DLRC) की 59वीं बैठक का आयोजन उपायुक्त कार्यालय, केलांग के सम्मेलन कक्ष में किया गया। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम कुनिका एकर्स ने की तथा लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सुनील कौंडल ने बैठक के संयोजक रहे।
बैठक में प्रधानमंत्री जनधन योजना, जीवन ज्योति बीमा, सुरक्षा बीमा और अटल पेंशन योजना के क्रियान्वयन के अलावा बैंक शाखाओं द्वारा वित्तीय साक्षरता शिविरों एवं बैंक मित्रों/सीएसपी के माध्यम से वित्तीय जागरूकता फैलाने की योजनाओं पर चर्चा की गई। इस अवसर पर सभी बैंक एवं संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि वे अपने लक्ष्यों को शीघ्रता से पूरा करें और वित्तीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। बैठक जिले में वित्तीय समावेशन और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच रही।
बैठक में बैंकिंग क्षेत्र में सुधार हेतु विभिन्न प्रोत्साहन बिंदुओं पर चर्चा सहित त्वरित कार्यान्वयन के लिए निर्देशित किया गया जिनमें सभी बैंकों को ऋण जमा अनुपात को बढ़ाने, जिला में किसान क्रेडिट कार्ड की पहुँच को बढ़ाना, महिला स्वयं सहायता समूहों (SHG) की क्रेडिट लिंकिंग को बढ़ाना, जिले के विभिन्न बैंकों के अंतर्गत 4 करोड़ 91 लाख की अनक्लेमड राशि का निपटान करना, जिले में RE-KYC खातों को कम करना रहा।
बैठक में पंचायती राज विभाग, उद्योग विभाग, उद्यान विभाग, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग के अधिकारियों सहित केनरा बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया, यूको बैंक, ग्रामीण बैंक के प्रतिनिधि उपस्थित रहे व उपमण्डल काजा से विभिन्न बैंकों के अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े थे।











