सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 03 जनवरी
धर्मशाला में छात्रा की संदिग्ध मौत ने प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अखिलेश कपूर ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल एक छात्रा की मौत नहीं, बल्कि प्रदेश में बेटियों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की गंभीर परीक्षा है, लेकिन शुरुआती जांच में ही भारी लापरवाही सामने आई है।
अखिलेश कपूर ने मुख्यमंत्री से सवाल करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन सच्चाई सामने लाने से क्यों कतरा रही है। जब तक जांच निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध नहीं होगी, तब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल सकता।
उन्होंने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सरकार को घेरते हुए कहा कि आज हिमाचल की स्वास्थ्य सेवाएं खुद वेंटिलेटर पर हैं। अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों व स्टाफ की भारी कमी है, मरीजों को दवाइयां तक उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं, जो सरकार के दावों की पोल खोलता है।
भाजपा प्रवक्ता ने मांग की कि धर्मशाला छात्रा प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई हो और ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की तत्काल तैनाती की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जांच निष्पक्ष तरीके से पूरी नहीं हुई और पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला, तो भाजपा पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन करेगी, जिसकी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।










