कुल्लू, 05 जनवरी
स्नो लैंड स्काउट्स एंड गाइड्स ओपन ग्रुप, कुल्लू की संयुक्त जनरल हाउस मीटिंग कुल्लू में सफलतापूर्वक आयोजित की गई। बैठक में समूह के सक्रिय सदस्यों ने भाग लिया और रोवर्स क्रू एवं रेंजर्स टीम की नई काउंसिल का लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से गठन किया गया।
बैठक में रोवर स्काउट लीडर बीजू तथा सहायक रोवर स्काउट लीडर पूरन विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के मूल सिद्धांतों, अनुशासन, सेवा भावना एवं नेतृत्व विकास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सदस्यों का मार्गदर्शन किया तथा नवगठित काउंसिल को शुभकामनाएं दीं।
सर्वसम्मति से रोवर्स क्रू के लिए रोवर अमन भारती को अध्यक्ष, रोवर भूपेंद्र को सचिव एवं रोवर खेम राज को कोषाध्यक्ष चुना गया। वहीं रेंजर्स टीम के लिए रेंजर नेहा को अध्यक्ष, रेंजर अनन्या को सचिव तथा रेंजर भूमिका को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि नई काउंसिल का मुख्य कार्य भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के मूल सिद्धांतों को बढ़ावा देना, सेवा एवं अनुशासन की भावना को सुदृढ़ करना तथा रोवर–रेंजरों की एडवांसमेंट (प्रगति एवं प्रशिक्षण) को प्राथमिकता देना रहेगा। इसके साथ ही सामाजिक सेवा गतिविधियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों एवं रचनात्मक अभियानों को प्रभावी रूप से क्रियान्वित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।











