Listen to this article
सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 05 जनवरी
होटलियर एसोसिएशन मनाली के प्रतिनिधि मंडल ने कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर से शिष्टाचार भेंट की। एसोसिएशन के अध्यक्ष रोशन ठाकुर, उपाध्यक्ष मान चंद, महासचिव गौरव ठाकुर तथा कोषाध्यक्ष मकर ध्वज शर्मा ने एसोसिएशन की ओर से पर्यटन एवं होटल उद्योग से जुड़ी विभिन्न समस्याओं, चुनौतियों एवं संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की।
भेंट के दौरान होटलियर एसोसिएशन ने मनाली एवं आसपास के पर्यटन स्थलों में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, स्वच्छता, सीजनल दबाव, बिजली-पानी की उपलब्धता, पर्यावरण संरक्षण सहित अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा की। इसके अतिरिक्त होटल व्यवसाय से जुड़े हितधारकों को आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने होटलियर एसोसिएशन द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और कहा कि मनाली प्रदेश का एक प्रमुख पर्यटन केंद्र है तथा सरकार पर्यटन विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पर्यटन से संबंधित बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, पर्यटकों की सुविधाओं में सुधार लाने तथा स्थानीय लोगों के रोजगार को बढ़ावा देने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि होटल उद्योग प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और इससे जुड़े हितधारकों की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर ठोस कदम उठाए जाएंगे।











