सुरभि न्यूज़
सोलन, 08 जनवरी
जिला सोलन पुलिस द्वारा नशे के खात्मे हेतु अपनाई गई जीरो टॉलरेंस नीति के अंतर्गत नशा तस्करी के विरुद्ध सप्लाई साइड एवं डिमांड साइड—दोनों स्तरों पर निरंतर और प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान के तहत न केवल नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके नेटवर्क को तोड़ा जा रहा है, बल्कि नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों को भी जब्त किया जा रहा है।
इसी क्रम में जिला सोलन पुलिस द्वारा नशा तस्करी के एक बड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क को तोड़कर 5 नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ दो मुकदमे दर्ज कर के उनसे 100 ग्राम से ज्यादा चिट्टा/हेरोइन बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक सोलन गौरव सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि एस आई यू टीम द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर सलोगड़ा मेला ग्राउंड में चिट्ठा बेचने की फिराक में लगे दो आरोपियों के कब्जे से कुल 6 ग्राम से ज्यादा चिट्टा (हेरोइन) बरामद की गई।
आरोपियों की पहचान जितेश उर्फ मुन्ना, पुत्र मंगल सिंह, निवासी क्लीन सोलन, तहसील व जिला सोलन, हिमाचल प्रदेश, उम्र 28 वर्ष व नीरज, पुत्र बलदेव सिंह, निवासी गाँव ढलयाना, डाकघर सलोगड़ा, तहसील व जिला सोलन, हिमाचल प्रदेश, उम्र 31 वर्ष के तौर पर हुई है।
इस संबंध में पुलिस थाना सदर, सोलन में मामला पंजीकृत किया गया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उन्हें चार दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया और उनसे इस चिट्ठा की खेप के मुख्य सप्लायर का पता लगाया गया।
दोनों आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जांच करने पर पाया गया कि दोनों आरोपी पहले भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे हैं। आरोपी जितेश उर्फ मुन्ना के विरुद्ध कुल 03 आपराधिक मामले पंजीकृत हैं, जिनमें पुलिस थाना सदर सोलन व पुलिस थाना बालूगंज शिमला में 01-01 मामला मादक पदार्थ अधिनियम के अंतर्गत दर्ज है, इसके विरुद्ध पुलिस थाना सदर सोलन में सोने के आभूषणों की चोरी का एक अन्य मामला भी दर्ज है।
इसी प्रकार, आरोपी नीरज के विरुद्ध भी पुलिस थाना सदर सोलन में 02 मामले पंजीकृत पाए गए हैं, जिनमें एक मामला वाहन दुर्घटना से संबंधित है तथा दूसरा मामला चोरी की वारदात से संबंधित है।
उन्होंने बताया कि जब पुलिस टीम आरोपी सप्लायर की जांच में लगी थी तभी 05 जनवरी की मध्यरात्रि को पुलिस टीम को सूचना मिली कि आरोपी इकबाल द्वारा दो अन्य व्यक्तियों को चिट्ठा बेचा गया है जो इस खेप को जीरकपुर से लेकर सोलन आए थे जो इन दोनों आरोपियों को पुलिस टीम द्वारा 7.23 ग्राम चिट्टा /हेरोइन सहित गिरफ्तार किया गया।
दोनों आरोपियों कि पहचान साहिल पुत्र स्व० प्रलाह्द निवासी गाँव पाजो, डाकघर कोटलानाला, तहसील व जिला सोलन, उम्र 25 व करण, पुत्र मंगल सिंह, निवासी समीप कांग्रेस भवन, सपरून, तहसील व जिला सोलन, उम्र 22 वर्ष के तौर पर हुई है।
इस संबंध में पुलिस थाना सदर सोलन में अभियोग संख्या 04/2026, दिनांक 06-01-2026, धारा 21 व 29 मादक पदार्थ अधिनियम के अंतर्गत दर्ज किया गया था।
दोनों आरोपियों को चार दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया दोनों मामलो की गहन जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ तथा तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण से इस चिट्टा तस्करी का मुख्य सप्लायर जीरकपुर (पंजाब) का एक बड़े चिट्टा सप्लायर इकबाल उर्फ बिट्टू पाया गया। जो पुलिस टीम ने तकनीकी व भौतिक साक्ष्यों के आधार पर backward linkage में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य सप्लायर इकबाल उर्फ बिट्टू पुत्र रमजान, निवासी गाँव मटोरबाद पाली, तहसील कलायत, जिला कैथल, हरियाणा, उम्र 27 वर्ष को कल रात 87 ग्राम चिट्टा सहित जीरकपुर, पंजाब से गिरफ्तार किया। जिसे आज न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में यह पाया गया है कि आरोपी इकबाल उर्फ बिट्टू एक कुख्यात चिट्टा सप्लायर है, जो हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में काफी समय से नशीले पदार्थों की आपूर्ति कर रहा था।
जिला सोलन पुलिस नशे के विरुद्ध इस प्रकार की सख्त और प्रभावी कार्रवाई भविष्य में भी निरंतर जारी रखेगी जिससे प्रदेश के लोगों खासकर युवाओं को नशे से बचाया जा सके और उन्हें सकारात्म दिशा में ले जाया सके।













