आरसेटी कुल्लू ने फास्ट फूड स्टॉल प्रशिक्षण में 34 युवाओं को सिखाए फास्ट फूड बनाने के गुर

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

कुल्लू, 15 जनवरी

पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) कुल्लू द्वारा 12 दिवसीय फास्ट फूड स्टॉल प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन जिला कुल्लू (बजौरा) में किया गया, जिसमें 34 प्रतिभागियों ने भाग लिया।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों को फास्ट फूड स्टॉल के माध्यम से सफल उद्यम स्थापित करने हेतु आवश्यक व्यवहारिक एवं तकनीकी जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना तथा उन्हें सफल उद्यमी बनने के लिए आवश्यक कौशल एवं क्षमताओं से सशक्त करना रहा।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को उद्यमशीलता से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों जैसे— स्वप्रेरणा, अवसरों की पहचान एवं उनका उपयोग, निरंतरता, सूचना संग्रह, गुणवत्ता प्रबंधन, समस्या समाधान, आत्मविश्वास तथा निर्णय क्षमता आदि पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया।

इस अवसर पर निदेशक, पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) चंद्र नारायण सिंह ने प्रतिभागियों को सफल उद्यमी बनने के लिए प्रेरित किया तथा बाजार प्रबंधन एवं गुणवत्ता नियंत्रण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के उपरांत भी आगामी दो वर्षों तक आरसेटी कुल्लू द्वारा सभी प्रशिक्षुओं को स्वरोजगार अपनाकर अपनी आजीविका सुदृढ़ करने हेतु आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया जाएगा।

कार्यक्रम के समापन समारोह में चंद्र नारायण सिंह द्वारा सभी प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *