सुरभि न्यूज़
भुंतर/कुल्लू, 15 जनवरी
जिला कुल्लू में पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बहुत बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए दो व्यक्तियों को 104 ग्राम चिट्टा तथा 21200/- रुपए नगदी के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस थाना भून्तर की टीम ने विश्वसनीय गुप्त सूचना के आधार पर छोटा भूईन स्थित होटल विभावन में दबिश दी। दबिश के दौरान होटल के कमरा नंबर 205 की नियमानुसार तलाशी ली गई तो तलाशी के दौरान दो ब्यक्तियों के कब्जे से 104 ग्राम चिट्टा तथा 21200/- रुपए नगदी बरामद की है।
आरोपियों की पहचान निखिल शर्मा (32 वर्ष) पुत्र प्रेम चन्द, निवासी गांव पारला भून्तर, डाकघर व तहसील भून्तर, जिला कुल्लू (हि.प्र.) व शिव कुमार (32 वर्ष) पुत्र सुखदेव सिंह, निवासी मकान नं. 75, मंगली निच्ची, डाकघर रामगढ़, तहसील व जिला लुधियाना (पंजाब) के तौर पर हुई।
इस संदर्भ में पुलिस थाना भून्तर में उपरोक्त दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 21 व 29 मादक पदार्थ अधिनियम के अंतर्गत मामला पंजीकृत किया गया है। नियमानुसार कार्यवाही अमल में लाई जा रही है। बरामद नशे के स्रोत, सप्लाई चेन एवं नेटवर्क की पहचान हेतु दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है तथा मामले में विस्तृत अनुसंधान जारी है ।











