सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 19 जनवरी
हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू की राऊगी पंचायत में अतिक्रमण की निशानदेही करने पहुंची राजस्व विभाग की टीम पर हमला करने का मुख्य आरोपी नग्गर ब्लॉक बीडीसी अध्यक्ष खेखराम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जिसे आज अदालत में पेश किया जाएगा।
पिछले दिनों अतिक्रमण की निशानदेही करने गई राजस्व विभाग की टीम पर नगर ब्लॉक बीडीसी अध्यक्ष खेख राम ने अपने परिजनों के साथ मिलकर जानलेवा हमला कर किया था। जिसमें पटवारी को गंभीर चोटें आई, जिससे पटवारी गंभीर तौर पर घायल हो गया है।
पुलिस में मामला पहुंचते ही बीडीसी अध्यक्ष खेखराम गिरफ्तारी से बचने के लिए बीमारी का बहाना कर अस्पताल में भर्ती हो गया था। लेकिन चिकित्सकों द्वारा उसे पूरी तरह स्वस्थ करार दिए जाने के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल मामला पूरी तरह से राजनीतिक रंग लेता जा रहा है।
खेखराम की गिरफ्तारी के बाद अब उसके साथ हमले में शामिल रहे उसके परिजनों पर भी गिरफ्तारी की तलवार लटकी हुई है। लेकिन बताया जा रहा है कि वह सभी आरोपित फरार हो गए हैं। डीएसपी कुल्लू के नेतृत्व में जांच के साथ-साथ उनकी गिरफ्तारी के लिए एसआईटी का गठन किया गया है।
कांग्रेस नेता व नग्गर ब्लॉक बीडीसी अध्यक्ष खेखराम की गिरफ्तारी काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। वही राजस्व विभाग के पटवारी एवं कानूनगो संघ आज सोमवार को बड़ी रैली धरना प्रदर्शन करने की तैयारी में है।











