सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 24 जनवरी
हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड भुंतर के सहायक अभियंता, अमन कुमार ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि प्रदेश में विद्युत उपभोक्ताओं की सुविधा एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुराने विद्युत मीटरों को स्मार्ट मीटरों से बदला जा रहा है।
यह कार्य पूरी तरह से राज्य सरकार के आदेशों के तहत किया जा रहा है। अब तक सभी ट्रांसफार्मरों, सरकारी कार्यालयों, उपक्रमों एवं वाणिज्यिक उपभोक्ताओं के मीटर बदले जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि विभाग के संज्ञान में आया है कि कुछ घरेलू उपभोक्ताओं द्वारा स्मार्ट मीटर लगाए जाने का विरोध किया जा रहा है, यह आशंका व्यक्त करते हुए कि स्मार्ट मीटर से बिजली बिल अधिक आ रहा है।
विभाग स्पष्ट करता है कि यह धारणा पूर्णतः गलत है। यदि किसी उपभोक्ता को स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिल अधिक प्रतीत होता है, तो वह तुरंत संबंधित विद्युत कार्यालय में रिपोर्ट कर सकता है।
उन्होंने बताया कि यदि कोई उपभोक्ता मीटर बदलने वाले कर्मचारियों को कार्य करने से रोकता है, तो इसे विभाग तय नियमानुसार सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने के संदर्भ में उचित करवाई करेगा, जिसके लिये उपभोक्ता स्वयं जिम्मेदार होगा।










