एनएचपीसी द्वारा जलविद्युत परियोजना 2000 मेगावाट सुबनसिरी लोअर परियोजना की दूसरी यूनिट (250 मेगावाट की यूनिट से 3) के वाणिज्यिक संचालन की गई घोषणा

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

फ़रीदाबाद, हरियाणा

एनएचपीसी लिमिटेड, विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन ‘नवरत्‌त’ सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रम ने अरुणाचल प्रदेश/असम में स्थित अपनी 2000 मेगावाट (8×250 मेगावाट) क्षमता वाली सुबनसिरी लोअर जलविद्युत परियोजना में 31 जनवरी एवं 1 फरवरी 2026 की मध्यरात्रि के दौरान दो महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ अर्जित की हैं। ये उपलब्धियाँ देश की ऊर्जा सुरक्षा, ग्रिड स्थिरता तथा स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।

प्रथम उपलब्धि के अंतर्गत परियोजना की तीसरी यूनिट (यूनिट संख्या #1, 250 मेगावाट) को दिनांक 31.01.2026 को रात्रि 21:00 बजे राष्ट्रीय ग्रिड के साथ सफलतापूर्वक सिंक्रोनाइज़ किया गया। इसके पश्चात परियोजना की दूसरी यूनिट (यूनिट संख्या # 3, 250 मेगावाट) का वाणिज्यिक संचालन दिनांक 01.02.2026 को 00:00 बजे आरंभ किया गया, जिससे राष्ट्रीय ग्रिड में 250 मेगावाट अतिरिक्त स्मृच्छ जलविद्युत क्षमता का समावेशन हुआ। इसके साथ ही सुबनसिरी लोअर जलविद्युत परियोजना से अब तक कुल 2000 मेगावाट की क्षमता में से 500 मेगावाट का योगदान राष्ट्रीय ग्रिड को प्राप्त हो चुका है, जो ग्रिड स्थिरता, उच्च मांग अवधि में विद्युत आपूर्ति तथा नवीकरणीय ऊर्जा के राष्ट्रीय ऊर्जा मिश्रण में जलविद्युत की भूमिका को सुदृढ़ करता है।

एनएचपीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेन्द्र गुप्ता ने इस अवसर पर विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार तथा अरुणाचल प्रदेश और असम राज्य सरकारों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने सुबनसिरी लोअर परियोजना टीम के समर्पित प्रयासों की सराहना की, जिसका नेतृत्व राजेन्द्र प्रसाद, कार्यपालक निदेशक द्वारा किया गया। इसके साथ ही उन्होंने एनएचपीसी के निगम मुख्यालय के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के योगदान की भी प्रशंसा की। गुप्ता ने कहा कि इन यूनिटों की सफल कमीशनिंग एनएचपीसी की तकनीकी दक्षता, परियोजना निष्पादन क्षमता तथा राष्ट्रीय ऊर्जा सुदृढ़ता सुनिश्चित करने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाता है और यह भारत सरकार के सतत एवं आत्मनिर्भर विद्युत क्षेत्र के दृष्टिकोण के अनुरूप है। उन्होंने यह भी कहा कि इन उपलब्धियों से शेष यूनिटों के समयबद्ध कमीशनिंग में सहायता मिलेगी।

एनएचपीसी के निदेशक (परियोजनाएं) संजय कुमार सिंह ने इन उपलब्धियों की प्राप्ति में योगदान देने वाली परियोजना साइट एवं निगम मुख्यालय की एनएचपीसी की समस्त टीम को बधाई दी।

सुबनसिरी लोअर जलविद्युत परियोजना के कार्यपालक निदेशक राजेन्द्र प्रसाद ने एनएचपीसी प्रबंधन, कॉर्पोरेट टीमों, कार्यान्वयन एजेंसियों – मेसर्स जीई वर्नोवा, मेसर्स बीजीएस-एसजीएस-सोमा, मेसर्स टीआरईएल तथा मेसर्स पीईएल के साथ-साथ स्थानीय हितधारकों एवं समुदायों के सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *