सुरभि न्यूज़
शिमला, 21 नवम्बर
हिमाचल के 5,126 विद्यालयों के 2.38 लाख विद्यार्थियों ने लिया भाग, विजेता विद्यार्थी 11 दिसंबर को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में दिखाएंगे प्रतिभा
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने शुक्रवार को एसजेवीएन द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया। विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण अभियान-2026 के अंतर्गत आयोजित इस प्रतियोगिता का आयोजन एसजेवीएन के कॉरपोरेट मुख्यालय शिमला में किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें ऊर्जा बचत के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में राज्यपाल ने विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई पुरस्कार विजेता पेंटिंगों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने युवा कलाकारों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से ऊर्जा संरक्षण और सतत विकास का महत्वपूर्ण संदेश दिया है। उन्होंने इस अभियान को सफल बनाने में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों तथा एसजेवीएन के सामूहिक प्रयासों की भी प्रशंसा की।
इस अवसर पर राज्यपाल ने ग्रुप-ए (कक्षा पांचवीं से सातवीं) और ग्रुप-बी (कक्षा आठवीं से दसवीं) के विजेताओं को सम्मानित किया। दोनों समूहों में प्रथम पुरस्कार के रूप में 50 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 30 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में 20 हजार रुपये की राशि प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त प्रत्येक समूह में 10 विद्यार्थियों को 7,500 रुपये प्रति विद्यार्थी के हिसाब से प्रोत्साहन पुरस्कार दिए गए। प्रतियोगिता के सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिह्न के साथ 2,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की गई।
प्रतियोगिता के विषय ‘ऊर्जा बचाएं, भविष्य सुरक्षित बनाएं’ तथा ‘बीईई स्टार लेबलों की चमकार, ऊर्जा सुरक्षा हो शानदार’ रखे गए थे। इन विषयों के माध्यम से विद्यार्थियों को ऊर्जा के विवेकपूर्ण उपयोग और ऊर्जा दक्ष उपकरणों के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में एसजेवीएन के निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा ने जानकारी दी कि इस वर्ष हिमाचल प्रदेश के सभी जिलों के 5,126 विद्यालयों के कुल 2,38,548 विद्यार्थियों ने विद्यालय स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लिया। निर्णायक मंडल ने ग्रुप-ए और ग्रुप-बी से 55-55 सर्वश्रेष्ठ पेंटिंगों का चयन किया। चयनित विद्यार्थियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
उन्होंने बताया कि एसजेवीएन वर्ष 2005 से विद्युत मंत्रालय, ऊर्जा दक्षता ब्यूरो, राज्य सरकार, शिक्षा विभाग और अन्य संबंधित संस्थानों के सहयोग से हिमाचल प्रदेश में राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण अभियान की नोडल एजेंसी के रूप में कार्य कर रहा है।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के दोनों समूहों के प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार विजेता विद्यार्थी अब 11 दिसंबर, 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस प्रतियोगिता का आयोजन ऊर्जा दक्षता ब्यूरो, विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में किया जाएगा। इस अवसर पर एसजेवीएन के निदेशक (परियोजनाएं) राजेश कुमार चंदेल सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।












