सुरभि न्यूज़
काज़ा, 13 फरवरी
जिला लाहुल स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने एडीसी सभागार काज़ा में प्रोजेक्ट एडवाइजरी कमेटी (PAC), वन अधिकार अधिनियम (FRA) तथा विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) की अलग-अलग बैठकों की अध्यक्षता की। पीएसी बैठक में विधायक ने गत बैठक की अनुपालन रिपोर्ट की समीक्षा करते हुए विकास कार्यों में तेजी, गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि काज़ा उपमंडल में चालू वित्तीय वर्ष के दौरान लगभग 17.68 करोड़ रुपये विभिन्न विकास कार्यों पर व्यय किए जा रहे हैं। टीएडीपी, अनुच्छेद 275(1) एवं “वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम” के अंतर्गत योजनाओं की समीक्षा और अनुमोदन किया गया। एफआरए बैठक में वन अधिकार अधिनियम-2006 के तहत लंबित मामलों को शीघ्र निपटाने तथा पात्र व्यक्तियों को अधिक जागरूक कर लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
साडा बैठक में विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों को समयबद्ध पूरा करने, क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ रखने तथा काज़ा शहर के सौंदर्याकरण को बनाए रखने पर विशेष ज़ोर दिया गया। बैठकों का संचालन एसडीएम एवं एकीकृत जनजातीय विकास परियोजना अधिकारी दिक्षित राणा ने किया।
इस अवसर पर डीएसपी अजय भारद्वाज, जनजातीय सलाहकार परिषद सदस्य केसंग रापचिक व वीरभगत, पूर्व प्रधान काज़ा सोनम डोलमा, परियोजना सलाहकार समिति के गैर-सरकारी सदस्य, अधिशासी अभियंता विद्युत टशी छोडुप नेगी, नायब तहसीलदार अशोक कुमार, आईटीबीपी के अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।











