Listen to this article
सुरभि न्यूज़
केलांग, 17 फरवरी
भारतीय सेना द्वारा अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया से संबंधित आयु सीमा में महत्वपूर्ण संशोधन किया गया है। डायरेक्टरेट जनरल ऑफ रिक्रूटिंग (डीजी आरजी) के पत्र संख्या 62588/Rtg B (A) दिनांक 17 जून 2022 में संशोधन करते हुए अग्निवीरों की अधिकतम आयु सीमा 21 वर्ष से बढ़ाकर 22 वर्ष कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के उपरांत भारतीय सेना में अग्निवीरों की भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 21 वर्ष से संशोधित कर 22 वर्ष कर दी गई है। यह संशोधित नीति भर्ती वर्ष 2027 से प्रभावी रूप से लागू की जाएगी।
सेना भर्ती कार्यालय मंडी के भर्ती निदेशक कर्नल गौतम निशांत ने जानकारी देते हुए बताया कि इस संशोधन का उद्देश्य अधिक से अधिक योग्य युवाओं को भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में सेवा करने का अवसर प्रदान करना है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी तथा राष्ट्र सेवा में उनकी भागीदारी सुनिश्चित होगी।
सभी संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने तथा संशोधित प्रावधानों के अनुसार भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी निकटतम सेना भर्ती कार्यालय या आधिकारिक भर्ती वेबसाइट से संपर्क कर सकते हैं।










