दिल्ली में 21 जून को आयोजित होगा विशाल राष्ट्रीय कोली समाज सम्मेलन

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

शिमला (टूटू), 23 फरवरी

हिमाचल प्रदेश कोली समाज राज्य कार्यकारिणी की 172वीं बैठक रविवार को प्रदेश कार्यालय कौशल भवन कामना नगर चककर शिमला में प्रदेशाध्यक्ष अमर चंद शलाठ की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई।

इस महत्वपूर्ण बैठक में वीरेंद्र कश्यप राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिल भारतीय कोली समाज विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके आगमन पर प्रदेशाध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों ने फूल मालाएं भेंट कर उनका जोरदार स्वागत किया। इस बैठक में राज्य कार्यकारिणी के पदाधिकारियों सहित विभिन्न जिलों के अध्यक्ष, महासचिव, कोषाध्यक्ष तथा खंड स्तर के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

प्रदेश महासचिव गोपाल झिलटा ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक की कार्यवाही आरंभ की। अध्यक्ष की अनुमति से एजेंडा के अनुसार विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। इस बैठक में जिला सोलन द्वारा अलग से पंजीकरण के मामले पर समीक्षा की गई। 7 फरवरी 2026 को हुई संयुक्त बैठक के निर्णयों को अनुमोदित करते हुए आवश्यक पत्र जारी करने का फैसला लिया गया। संगठन की एकता बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।

राष्ट्रीय सम्मेलन की तैयारी

इसी वर्ष जून माह में दिल्ली में आयोजित होने वाले विशाल राष्ट्रीय कोली समाज सम्मेलन में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। सभी जिला एवं खंड इकाइयों को सम्मेलन की तैयारियां समय पर शुरू करने के निर्देश दिए गए।
बताया गया कि इस सम्मेलन में देश के पूर्व राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद की उपस्थिति भी संभावित है। इसमें देशभर के विभिन्न राज्यों से हजारों की संख्या में कोली समाज के लोग भाग लेंगे।

बैठक में वित्तीय वर्ष 2024–25 एवं 2025–26 की सदस्यता सूची प्रस्तुत करने तथा कुल सदस्यता शुल्क का 40 प्रतिशत राज्य भाग जमा करने की समीक्षा की गई।
पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी अभिलेख 31 मार्च तक पूर्ण कर कार्यालय में जमा करवाएं, ताकि वित्तीय पारदर्शिता बनी रहे।

महिला, युवा और बुद्धिजीवी विंग पर जोर.

महिला विंग, युवा विंग और बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के गठन व सुदृढ़ीकरण की समीक्षा की गई। महिला सशक्तिकरण और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया। प्रदेश में महिला विंग के गठन की जिम्मेदारी वरिष्ठ महिला कार्यकर्ताओं सुषमा पूंटा, प्रभा शांडील, डॉ. तनेंद्र और सीता राखा को सौंपी गई।

राजधानी शिमला यूनिट को पूर्ण रूप से कार्यशील बनाने तथा नगर निगम वार्ड स्तर तक संगठन का विस्तार करने का निर्णय लिया गया। जिन जिलों का कार्यकाल पूरा हो चुका है, वहां शीघ्र चुनाव करवाने के लिए तिथियां तय करने पर भी चर्चा हुई।

बैठक में समाज के महापुरुषों की जयंती और महत्वपूर्ण दिवसों को पूरे प्रदेश में सम्मानपूर्वक मनाने के निर्णयों की समीक्षा की गई।
साथ ही कोली समाज भवन निर्माण की प्रगति पर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि यह कार्य शीघ्र गति पकड़ेगा और समाज को एक स्थायी केंद्र मिलेगा।

अखिल भारतीय कोली समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र कश्यप ने अपने संबोधन में संगठन की एकता, अनुशासन और पारदर्शिता पर जोर दिया। उन्होंने समाज के लोगों से राष्ट्रीय अधिवेशन में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने महिला एवं युवा वर्ग की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने तथा प्रदेश स्तर पर कानूनी, स्वास्थ्य, शिक्षा, संस्कृति, राजनीति, मीडिया और खेल प्रकोष्ठ गठित करने का सुझाव भी दिया।

इस अवसर पर संरक्षक रोशन लाल डोगरा, उत्तम सिंह कश्यप, कार्यकारी अध्यक्ष जगदीश सिंह, जिला शिमला अध्यक्ष रमेश पाल, कार्यालय सचिव लायक राम कौशल सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी और महिला विंग की सदस्याएं उपस्थित रहीं।

हिमाचल प्रदेश कोली समाज के राज्य अध्यक्ष अमर चन्द शलाठ ने भी विशेष कर संगठन की मजबूती पर जोर दिया है। इन्होंने कहा कि इस बैठक में सभी निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए, जिसमें पदाधिकारियों ने समाज को जमीनी स्तर तक मजबूत करने, सदस्यता बढ़ाने और युवाओं व महिलाओं को अधिक अवसर देने का संकल्प लिया है। अंत में अध्यक्ष और महासचिव के धन्यवाद प्रस्ताव सहित बैठक सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *