सुरभि न्यूज़
जोगिंदर नगर, 18 मार्च
जोगिंद्रनगर पुलिस ने गुमशुदा एक महिला को सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सौंप दिया है। दिनांक 12-03-2026 को पुलिस थाना जोगिंद्रनगर में रीना राणा पत्नी विकास राणा निवासी गांव हरियाली, डाकघर तरामट, तहसील जोगिंद्रनगर, जिला मण्डी (हि.प्र.), उम्र लगभग 23 वर्ष, के संबंध में उसके पति विकास राणा द्वारा गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी।
थाना प्रभारी साकिनी कपूर ने जानकारी देते हुए बताया कि रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत पुलिस द्वारा मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई अमल में लाई गई तथा गुमशुदा महिला की तलाश हेतु विभिन्न संभावित स्थानों पर खोजबीन की गई।
लगातार प्रयासों के फलस्वरूप दिनांक 18-03-2026 को रात्रि लगभग 01:00 बजे पुलिस टीम द्वारा रिवालसर क्षेत्र में गुमशुदा महिला रीना राणा को सुरक्षित दस्तयाब किया गया। इस कार्रवाई में एच ए एस आई बंसी नं. 858, कॉन्स्टेबल नरेश नं. 349 तथा महिला कॉन्स्टेबल आशा नं. 221 शामिल रहे।
उन्होंने बताया कि दस्तयाबी के उपरांत महिला के बयान उसके मायका पक्ष एवं ससुराल पक्ष के समक्ष दर्ज किए गए, जिसमें उसने स्वेच्छा से अपने पति के साथ रहने की इच्छा व्यक्त की।तदनुसार, आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूर्ण करने के पश्चात महिला को उसके पति विकास राणा के सुपुर्द कर दिया गया।
जोगिंद्रनगर पुलिस आम जनता से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की गुमशुदगी अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना में दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।











