Listen to this article
सुरभि न्यूज़
कुल्लू / लाहुल स्पीति : 04 अप्रैल
आपदा प्रबंधन के लिए तैयारी जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कुल्लू द्वारा आज 1905 के विनाशकारी कांगड़ा भूकंप की 121 वीं बरसी के अवसर पर ‘आपदा जागरूकता दिवस’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला उपायुक्त अश्वनी कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम जनता और सरकारी अधिकारियों के बीच आपदा तैयारियों और शमन के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। 4 अप्रैल, 1905 को आया कांगड़ा भूकंप भारतीय इतिहास की सबसे दुखद प्राकृतिक आपदाओं में से एक था। इसी स्मृति में हिमाचल प्रदेश सरकार के निर्देशों के तहत हर साल इस दिन को ‘आपदा जागरूकता दिवस’ के रूप में मनाया जाता है, ताकि भविष्य में ऐसी किसी भी स्थिति के लिए बेहतर ढंग से तैयार रहा जा सके।
कार्यक्रम का आगाज़ सुबह ढालपुर स्थित अटल सदन में हुआ। इस दौरान विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किए गए। होमगार्ड के कंपनी कमांडर कमल किशोर भंडारी ने उपस्थित अधिकारियों और नागरिकों को आपातकालीन स्थिति में दी जाने वाली प्राथमिक चिकित्सा की बुनियादी तकनीकों के बारे में बताया गया। असिस्टेंट टाउन प्लानर रोहित भारद्वाज तथा जल शक्ति विभाग लारजी कि सहायक अभियंता कौशल्या नेगी ने सुरक्षित भवन निर्माण तकनीक एक विशेष व्याख्यान के माध्यम से यह जानकारी दी गई कि भूकंप जैसी आपदाओं के दौरान नुकसान कम करने के लिए भवन निर्माण में किन सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य है।
आपदा के प्रति सजग रहने के संदेश को प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए एक लघु नाटिका का मंचन भी किया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों, विभिन्न शिक्षण संस्थानों होमगार्ड के जवानों ने भाग लिया।













