Listen to this article
सुरभि न्यूज़
खुशी राम ठाकुर, बरोट
चौहारघाटी की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरोट में सेवारत शिक्षिका निशा ठाकुर को भीमाकाली भिऊली मंडी में आयोजित मेले में भीमाकाली कमेटी के द्वारा एडीसी मंडी गुरसिमर सिंह के कर कमलों द्वारा सम्मानित किया गया।
निशा ठाकुर ने बताया कि उन्हें यह सम्मान उन्हें बेहतरीन मंच संचालन, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता करवाने और सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को नशे के खिलाफ प्रेरित करने तथा शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने के लिए प्रदान किया गया।
गौरतलव है कि निशा ठाकुर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बरोट में प्रवक्ता (हिंदी) के पद पर कार्यरत हैं। अपने भाषण में भीमाकाली कमेटी के प्रधान पुष्पराज शर्मा ने कहा कि निशा ठाकुर ने कोरोना काल के दौरान ऑनलाइन शिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा दी थी। जिसका फायदा हज़ारों विद्यार्थियों ने लिया था। जिसके लिए शिक्षा विभाग द्वारा भी निशा को सम्मानित किया जा चुका है और अभी हाल ही में निशा को हिमाचल अचीवर और हिमालयन श्री अवार्ड 2026 से भी नवाज़ा जा चुका है।
यह भीमाकाली संस्थान के लिए ख़ुशी की बात है कि भीमाकाली संस्थान निशा ठाकुर के बेहतरीन कार्यों के लिए उन्हें सम्मानित किया है। निशा ठाकुरने बताया कि वे लगातार 2010 से भीमाकाली के मेले में मंच का संचालन करती आ रही है। निशा ठाकुर एक बेहतरीन शिक्षिका होने के साथ- साथ एक बेहतरीन मंच संचालिका भी है।
निशा ठाकुर का कहना है कि सोशल मीडिया आज के समय में एक सशक्त और प्रभावी माध्यम है, यदि इसका सही दिशा में सकारात्मक उपयोग किया जाए तो समाज में व्यापक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय में युवा वर्ग नशे, विशेषकर चिट्टे, की गिरफ्त में फंसता जा रहा है, जो समाज के लिए गंभीर चुनौती है।
इसी उद्देश्य से वे अपने यूट्यूब एवं सोशल मीडिया चैनल ‘निशा ठाकुर’ के माध्यम से युवाओं को शिक्षण के साथ – साथ नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर रही हैं। निशा ठाकुर ने इस सम्मान के लिए भीमाकाली संस्थान के प्रधान पुष्पराज शर्मा सहित समस्त कार्यकारिणी का धन्यवाद किया। उन्होंने वहाँ उपस्थित विशेषकर युवा पीढ़ी से अपील की कि नशे से दूर रहें और अन्य लोगों को जागरूक करें ताकि आने वाली पीढ़ी को सार्थक संदेश मिलेगा सके।












