हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस से 5 किलो 652 ग्राम चरस सहित पालमपुर का युवक गिरफ्तार

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

रामपुर (शिमला)

प्रदेश भर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शिमला जिला पुलिस की विशेष टीम को बड़ी सफलता हासिल हुई है। जिसके तहत पुलिस टीम ने हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस में सवार एक युवक को 5 किलो 652 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है।

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस के विशेष सैल की टीम कुमारसैन क्षेत्र के सैंज चौक में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि कुल्लू से बागासराहन जा रही एचआरटीसी बस में सवार एक युवक चरस की बड़ी खेप ले जा रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बस को सैंज चौक पर रुकवा कर उसकी चेकिंग की तो बस में सवार एक युवक से 5 किलो 652 ग्राम चरस बरामद हुई।

आरोपित युवक की पहचान 30 वर्षीय पंकज कुमार निवासी गांव अपरढाह, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा के तौर पर हुई है। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर उससे पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि पता लगाया जा सके कि चरस कहां से खरीदी थी और किसको सप्लाई की जानी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *