सुरभि न्यूज़
चांदपुर, बिलासपुर : सुरेन्द्र मिन्हास
श्री श्री 1008 बाबा कल्याण दास जी महाराज (काले बाबा) की 21 वीं पुण्यतिथि पर देश भर में उनके द्वारा स्थापित दर्जनों मंदिरों और सरायों में विभिन्न धार्मिक आयोजन करके बाबा जी के हजारों शिष्यों और भक्तों ने अपने गुरु महाराज को भाव भीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें याद किया और उनके द्वारा दी गई शिक्षा के अनुसार चलने का प्रण लिया।
दनोह के हनुमान टीला स्थित आश्रम में श्रीमद्भागवत कथा का आज उनके पुण्य तिथि पर समापन हुआ। उन्नीस से पच्चीस अप्रैल तक जारी भागवत कथामृत बरसाने बनारस के विद्वान व्यासश्री डाक्टर मुरलीधर ने सभी भक्तों और श्रोताओं को भगवत सागर में गोते लगवाए।
अंतिम दिन आज शनिवार को व्यासश्री ने कृष्ण सुदामा प्रसंग सुनाया और कलयुग में भगवन्नाम की महिमा का बड़ी गहराई से वर्णन किया। कथा वाचक ने सनातन धर्म और भगवान का सुंदर विस्तृत चित्रण पेश किया। यह आयोजन कल्याण ट्रस्ट द्वारा विधिवत रूप से करवाया गया। कल्याण ट्रस्ट के प्रधान व पूर्व मंत्री राम लाल ठाकुर सहित सभी सक्रिय सदस्य आयोजन में शामिल हुए।
कथा समापन के बाद हवन की पूर्णाहुति में सभी ने भाग लिया और भंडारे का प्रशाद ग्रहण किया। सभी को देशी घी के मालपुडों का वितरण किया गया।













