एसडीएम ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी, एनएच-305 पर दोपहर में रहेगा यातायात बंद

Listen to this article
सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 03 मई
उप मंडल दंडाधिकारी (एसडीएम) बंजार पंकज शर्मा ने राष्ट्रीय राजमार्ग-305 (बंजार–औट मार्ग) पर चल रहे पैचवर्क एवं टारिंग कार्य को देखते हुए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने बताया कि यह निर्णय जन सुरक्षा तथा सड़क मरम्मत कार्यों को सुचारू रूप से पूरा करने के उद्देश्य से लिया गया है।
एसडीएम ने जानकारी देते हुए कहा कि एनएच-305 (उपमंडल बंजार के अंतर्गत) पर प्रतिदिन दोपहर 12:00 बजे से 2:30 बजे तक यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान केवल आपातकालीन सेवा वाहनों को ही अनुमति दी जाएगी, जबकि अन्य सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। निर्धारित समय के बाद यातायात सामान्य रूप से बहाल कर दिया जाएगा।
उन्होंने यात्रियों और परिवहनकर्ताओं से अपील की है कि वे अपने यात्रा कार्यक्रम को इस प्रतिबंध के अनुरूप पहले से ही निर्धारित करें। प्रतिबंधित अवधि के दौरान वाहनों को बंजार बायपास मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा, ताकि लोगों को वैकल्पिक मार्ग की सुविधा मिल सके।
एसडीएम ने बताया कि संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि सड़क बंद/प्रतिबंध की जानकारी देने के लिए प्रमुख स्थानों पर अग्रिम साइन बोर्ड लगाए जाएं और ट्रैफिक प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पुलिस विभाग को भी आवश्यक स्थानों पर कर्मियों की तैनाती कर यातायात को नियंत्रित एवं सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग को बंजार बायपास मार्ग को 03 मई 2026 तक पूरी तरह वाहन योग्य बनाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रतिबंध के दौरान यह मार्ग प्रभावी वैकल्पिक रास्ते के रूप में कार्य कर सके।
एसडीएम पंकज शर्मा ने आम जनता, यात्रियों एवं परिवहनकर्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी लोग प्रशासन के निर्देशों का पालन करें, ताकि सड़क मरम्मत कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा हो सके और किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *