सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 06मई
श्री बाल कृष्ण राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, कुल्लू में समावेशी कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रवक्ता गोपाल शर्मा ने इस समावेशन कार्यक्रम को एक सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि दिव्यांगजनों की सहायता करना हम सभी का सामाजिक एवं नैतिक कर्तव्य है।
उन्होंने सांफिया फाउंडेशन के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए आश बाल विकास द्वारा विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को प्रदान की जा रही सेवाओं की सराहना की। उन्होंने यह भी कहा कि दिव्यांगजनों के प्रति हमें सदैव संवेदनशील एवं मधुर व्यवहार रखना चाहिए।
कार्यशाला में समाज सेविका धनेश्वरी ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि संस्थान दिव्यांग बच्चों के लिए फिजियोथैरेपी, ऑक्यूपेशनल थेरेपी, स्पीच थेरेपी एवं स्पेशल एजुकेशन जैसी महत्वपूर्ण सेवाएँ उपलब्ध करवा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि संस्था द्वारा दिव्यांगता के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु जिले के शिक्षण संस्थानों, सार्वजनिक कार्यक्रमों एवं विभिन्न त्योहारों के दौरान विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।
इस अवसर पर संस्था की निदेशक डॉ रेखा ठाकुर ने विभिन्न प्रकार की दिव्यांगताओं उनकी आवश्यकताओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों को उपलब्ध थेरेपी सेवाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की और बताया कि इस प्रकार के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों की चुनौतियों को समझते हुए समाज में उनके लिए एक समावेशी एवं सहयोगात्मक वातावरण तैयार करना है।
कार्यशाला में शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं स्टाफ ने सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई और समावेशन के महत्व को समझने में गहरी रुचि दिखाई।











