सुरभि न्यूज़, कुल्लू : जिला निर्वाचन अधिकारी (नगर निकाय) एवं उपायुक्त कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा ने नगर निकाय चुनावों के लिए नामांकन वापसी के बाद प्रत्याशियों की अंतिम स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में जिले के पाँचों नगर निकायों—नगर परिषद कुल्लू, मनाली तथा नगर पंचायत भुंतर, बंजार और निरमंड—में नामांकन प्रक्रिया के दौरान कुल 125 नामांकन पत्र प्राप्त हुए थे। छंटनी के दौरान 10 नामांकन पत्र रद्द किए गए, जिसके बाद 115 वैध उम्मीदवार शेष रहे।
उपायुक्त ने बताया कि नामांकन वापसी की अंतिम दिन 14 उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस ले लिए हैं, जिसके उपरांत अब जिले में कुल 101 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। उन्होंने आगे बताया कि नगर परिषद कुल्लू में 34 प्रत्याशी, नगर पंचायत निरमंड में 20, नगर परिषद मनाली में 16, नगर पंचायत भुंतर में 16 तथा नगर पंचायत बंजार में 15 प्रत्याशी चुनाव में हैं।











