जिला कुल्लू में आगामी मानसून की तैयारियों के लिए ठोस कार्ययोजना की जाए तैयार – अनुराग चन्द्र शर्मा  

Listen to this article
सुरभि न्यूज़, कुल्लू : उपायुक्त कुल्लू अनुराग चन्द्र शर्मा ने जिला में बिजली आपूर्ति व्यवस्था एवं विद्युत लाइनों की समीक्षा करते हुए  अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिजली आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के साथ-साथ आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए।
उपायुक्त ने सभी फीडरों के साथ लगती विद्युत लाइनों के समीप खतरनाक पेड़ों की सूची तैयार करने और उनकी निशानदेही करने के निर्देश दिए, ताकि नियमानुसार इन्हें काटने की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके और विद्युत आपूर्ति बाधित होने की संभावनाओं को कम किया जा सके।
उन्होंने मनाली स्थित आइबेक्स चौक पर निर्माणाधीन विद्युत सब स्टेशन की प्रगति की भी समीक्षा की। विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि सब स्टेशन का लेआउट एवं ढांचागत डिज़ाइन तैयार किया जा चुका है और आगामी कार्य प्रगति पर है।
उपायुक्त ने अधिकारियों को मानसून के दृष्टिगत पूरी तैयारी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में त्वरित समाधान के लिए पूर्व योजना तैयार रखी जाए। उन्होंने यह भी कहा कि मानसून के दौरान यदि किसी क्षेत्र में बिजली बाधित होती है तो प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र बहाली सुनिश्चित की जाए।
बैठक में चीफ इंजीनियर विद्युत बोर्ड रजनीश कुमार, अधीक्षण अभियंता रूम सिंह सहित सभी अधिशासी अभियंता एवं एचपीटीसीएल के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *