जिला कुल्लू के तीर्थन घाटी की नोहान्डा पंचायत में काऊंचा वार्ड से गोपाल सिंह निर्विरोध पंच निर्वाचित

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

परस राम भारती, तीर्थन घाटी गुशेनी : बंजार

जिला कुल्लू के उपमंडल बंजार की तीर्थन घाटी स्थित ग्राम पंचायत नोहान्डा से एक सकारात्मक और सराहनीय खबर सामने आई है। विश्व धरोहर स्थल ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क से सटी दूरदराज पंचायत नोहान्डा के वार्ड नंबर-2 काऊंचा से गोपाल सिंह को पंच पद के लिए निर्विरोध चुना गया है।

गोपाल सिंह पुत्र जीवन लाल निवासी गांव खरूंगचा के निर्विरोध चयन से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय ग्रामीणों ने इसे आपसी समझ, सौहार्द और एकजुटता का प्रतीक बताया है। ग्रामीणों का कहना है कि बिना किसी मुकाबले के हुआ यह चुनाव गांव में आपसी विश्वास और सहयोग की भावना को दर्शाता है।

स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि गोपाल सिंह ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा पंचायत क्षेत्र के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। ग्राम पंचायत नोहान्डा और काऊंचा वार्ड के लोगों ने गोपाल सिंह को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की है।

वहीं, गोपाल सिंह ने वार्ड की जनता का सर्वसम्मति से पंच चुनने पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आने वाले पांच वर्षों में क्षेत्र के विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे तथा हर सुख-दुख में जनता के साथ खड़े रहेंगे। यह निर्विरोध चुनाव पंचायत स्तर पर भाईचारे, समझदारी और लोकतांत्रिक सहमति का एक अच्छा उदाहरण बनकर सामने आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *