सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 07 मई
प्रदेश भर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभिया के तहत स्पेशल टास्क फोर्स कुल्लू की टीम ने कार्यवाही करते हुए मई माह के पहले हप्ते में गांव कशेड, तहसील व जिला कुल्लू, गांव सेहड़ डाकघर आरंग बथेरी, उप तहसील कटौला जिला मंडी तथा गांव संदवास तहसील बालीचौकी में 10.5 बीघा निजी भूमि से अवैध अफीम की खेती के 350126 अफीम के पौधे बरामद कर नष्ट किए है।
सहायक अधीक्षक स्पेशल टास्क फोर्स कुल्लू हेम राज वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि 01 मई को गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एस.टी.एफ. की टीम ने गांव कशेड, तहसील व जिला कुल्लू में दबिश देकर तलाशी अभियान में निजी भूमि पर लगभग 4.5 बीघा (कुल 9 खेत) में अफीम की अवैध खेती पाई गई, जिसमें लगभग 1,60,000 अफीम के पौधे बरामद किए गए, जिन्हें एसटीएफ टीम द्वारा मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इस संबंध में थाना सदर कुल्लू में अवैध खेती में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध मादक पदार्थ अधिनियम अंतर्गत मामला पंजीकृत किया गया है।
उन्होंने बताया कि दुसरे दिन 02 मई को जिला मंडी में अवैध अफीम की खेती के विरुद्ध पुनः प्रभावी कार्रवाई करते हुए स्पेशल टास्क फोर्स कुल्लू ने गांव सेहड़ डाकघर आरंग बथेरी उप तहसील कटौला जिला मंडी में अफीम की अवैध खेती किए जाने संबंधी गुप्त सूचना के आधार पर निजी भूमि पर लगभग 6 बीघा (कुल 25 सीढ़ीनुमा खेतों) में अफीम की अवैध खेती पाई गई, जिसमें लगभग 1,81,516 अफीम के पौधे बरामद किए गए, जिन्हें एसटीएफ टीम द्वारा मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इस संबंध में थाना पधर जिला मंडी में अवैध खेती में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध मादक पदार्थ अधिनियम अंतर्गत मामला पंजीकृत किया गया है।
वहीँ बीते दिन 06 मई को मंडी में अवैध अफीम की खेती के विरुद्ध पुनः प्रभावी कार्रवाई करते हुए गांव संदवास तहसील बालीचौकी में अफीम की अवैध खेती किए जाने संबंधी गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए गाँव संदवास में निजी भूमि पर अफीम की अवैध खेती पाई गई, जिसमें लगभग 8,610 अफीम के पौधे बरामद किए गए, जिन्हें एसटीएफ टीम द्वारा मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इस संबंध में थाना औट जिला मंडी में अवैध खेती में संलिप्त आरोपी के विरुद्ध मादक पदार्थ अधिनियम के अंतर्गत मामला पंजीकृत किया गया है। सभी आरोपियों को निशानदेही के पश्चात गिरफ्तार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस समन्वित कार्रवाई का उद्देश्य अवैध अफीम की खेती पर प्रभावी रोक लगाना, क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा भविष्य में इस प्रकार की अवैध गतिविधियों की पुनरावृत्ति को रोकना है। कहा कि हिमाचल प्रदेश पुलिस नागरिकों, विशेषकर युवाओं से मुख्यमंत्री द्वारा की गई अपील को दोहराती है कि वे चिट्टा/नशे से संबंधित किसी भी सूचना को तुरंत 112 या नजदीकी पुलिस थाना में दें। सूचना देने वालों की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।











