सुरभि न्यूज़
सोलन, 09मई
जिला सोलन पुलिस द्वारा नशा तस्करी के अवैध कारोबार में संलिप्त आदतन अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है तथा उनके विरुद्ध कानून के प्रावधानों के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। इसी क्रम में, चिट्टा तस्करी में संलिप्त रहे दो आदतन अपराधियों मुकेश कुमार पुत्र श्री बलदेव राज वर्मा, निवासी गाँव कालर जेरी, डाकखाना भराडीघाट, तहसील अर्की, जिला सोलन (हि.प्र.), आयु 36 वर्ष, तथा सूरज कुमार पुत्र श्री मन सुख, निवासी गाँव घडसी कुकाना, तहसील कसौली, जिला सोलन (हि.प्र.), आयु 29 वर्ष—के विरुद्ध पुलिस मुख्यालय के माध्यम से PIT NDPS Act, 1988 (Prevention of Illicit Traffic in Narcotic Drugs & Psychotropic Substances) के प्रावधानों के अंतर्गत निवारक हिरासत में रखने हेतु प्रस्ताव प्रदेश सरकार को भेजा गया था।
प्रदेश सरकार/सक्षम प्राधिकारी द्वारा उक्त प्रस्तावों को स्वीकार करते हुए दोनों आरोपियों को तीन-तीन माह की अवधि के लिए निवारक हिरासत (Preventive Detention) में जिला कारागार में रखने के आदेश पारित किए गए हैं। उक्त आदेशों की अनुपालना में, पुलिस थाना दाड़लाघाट व कसौली की टीमो द्वारा दिनांक 08.05.2026 को दोनों आरोपियों को विधिवत हिरासत में लेकर आगामी तीन माह की अवधि के लिए जिला कारागार सोलन भेज दिया गया है।
उक्त आरोपियों में से एक पुलिस थाना दाड़लाघाट क्षेत्र का निवासी है, जबकि दूसरा कसौली क्षेत्र का निवासी है। दोनों आरोपी मादक पदार्थ तस्करी के कई मामलों में संलिप्त रहे हैं। जिला सोलन पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त आदतन अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत अब तक कुल 15 आदतन अपराधियों के विरुद्ध धारा 3(1), PIT NDPS Act, 1988 के तहत कार्रवाई कर उन्हें निवारक हिरासत में भेजा जा चुका है। जिला पुलिस सोलन द्वारा नशा तस्करी में संलिप्त आदतन तस्करों के विरुद्ध भविष्य में भी यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी तथा समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कदम उठाए जाते रहेंगे।












