कुल्लू के गांधी नगर में आश चाइल्ड डेवलपमेंट के नए केंद्र का रंजीत ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी कुल्लू ने किया शुभारंभ 

Listen to this article
सुरभि न्यूज़

कुल्लू, 12 मई

सम्फिया द्वारा गांधी नगर, पेट्रोल पंप के समीप आश चाइल्ड डेवलपमेंट के नए केंद्र की स्थापना की गई, जिसका शुभारंभ डॉ० रंजीत ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी कुल्लू, के द्वारा विधिवत रूप से किया गया। मदर्स डे के उपलक्ष्य में प्रारंभ किए गए इस केंद्र में सोमवार, 12 मई से बच्चों के लिए ऑक्यूपेशनल थेरेपी सेवाएं औपचारिक रूप से शुरू कर दी गई हैं।

उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित डॉ. रंजीत ठाकुर ने कहा कि सम्फिया पिछले तीन वर्षों से क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के साथ मिलकर डीईआईसी केंद्र का सफल संचालन कर रहा है, जहां अनेक बच्चों को निःशुल्क थेरेपी सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सम्फिया द्वारा स्थापित यह नया केंद्र क्षेत्र के बच्चों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा तथा विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर उपचार एवं प्रशिक्षण उपलब्ध करवाएगा।

उन्होंने सम्फिया द्वारा दिव्यांगता एवं बाल विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था निरंतर समाज के जरूरतमंद बच्चों तक सेवाएं पहुंचाने का सराहनीय प्रयास कर रही है। उन्होंने सम्फिया परिवार को इस नई पहल के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर हवन-पूजन का आयोजन भी किया गया तथा बच्चों द्वारा विभिन्न मनोरंजक एवं विकासात्मक गतिविधियों में भाग लिया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों एवं अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

सम्फिया की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ० श्रुति भारद्वाज  ने बताया कि यह नया केंद्र इंडियन रिन्यूअबले एनर्जी डेवलपमेंटी एजेंसी, अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन तथा ए डी हाइड्रो पावर लिमिटेड के सी एस आर सहयोग से संचालित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस नए केंद्र को आधुनिक एवं उन्नत ऑक्यूपेशनल थेरेपी तकनीकों के आधार पर विकसित किया गया है, ताकि बच्चों को वही गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध हो सकें जो सामान्यतः बड़े शहरों में देखने को मिलती हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र में बच्चों के लिए विशेष इंडोर प्ले पार्क की व्यवस्था भी की गई है, जो थेरेपी प्रक्रिया को अधिक प्रभावी एवं बच्चों के अनुकूल बनाने में सहायक सिद्ध होगी।

उन्होंने आगे बताया कि आने वाले समय में सम्फिया की अन्य सेवाओं, जिसमें फिजियोथेरेपी सेवाएं तथा संस्था के कार्यालय का संपूर्ण सेटअप भी शामिल है, को इसी नए केंद्र में विकसित किया जाएगा, ताकि बच्चों एवं अभिभावकों को एक ही स्थान पर समग्र सेवाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।

उन्होंने बताया कि केंद्र का उद्देश्य बच्चों के समग्र विकास को बढ़ावा देना है, जहां उनकी शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं व्यवहारिक क्षमताओं को विकसित करने के लिए विशेषज्ञों द्वारा सेवाएं प्रदान की जाएंगी। इस अवसर पर सम्फिया की निदेशक डॉ० रेखा ठाकुर, कार्यक्रम प्रबंधक बीजू हिमदल, संस्था के अन्य कर्मचारीगण, अभिभावक एवं बच्चे उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *