जिला कुल्लू में नशा रोकथाम को लेकर व्यापक अभियान चलाएं – अनुराग चंद्र शर्मा

Listen to this article
सुरभि न्यूज़ 
कुल्लू,  21 मई
राष्ट्रीय नारको समन्वय समिति ( एन- कोर्ड) की जिला स्तरीय बैठक उपायुक्त कुल्लू, अनुराग चंद्र शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले में नशा रोकथाम के लिए किए गए प्रयासों की समीक्षा के साथ भविष्य की ठोस रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
उपायुक्त ने जिले में पंचायतों में गठित नशा निवारण समितियों को नियमित रूप से बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंचायत स्तर पर सतत निगरानी, जनभागीदारी और सामुदायिक जागरूकता के बिना नशे के विरुद्ध अभियान को प्रभावी रूप नहीं दिया जा सकता। उन्होंने सभी पंचायतों में नशा निवारण समितियों के सक्रिय संचालन पर विशेष बल दिया।
बैठक में जिले के शिक्षण संस्थाओं विशेषकर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने का सुझाव दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि “अपना विद्यालय कार्यक्रम” के अंतर्गत सभी अधिकारी अपने-अपने अपनाए गए विद्यालयों में भी विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को नशा मुक्ति का सशक्त संदेश दें।
बैठक में जिले में नशीले पदार्थों, विशेषकर चिट्टे (सिंथेटिक ड्रग्स) के खिलाफ सघन अभियान चलाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। उपायुक्त ने नशीले पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला को तोड़ने के लिए सघन जांच अभियान चलाने तथा अनधिकृत रूप से नशीली दवाइयां बेचने वालों पर कड़ी निगरानी के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने आगामी कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए तथा नशे की दृष्टि से संवेदनशील सभी क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने पुलिस के अतिरिक्त अन्य विभागों को भी इस अभियान में सक्रिय रूप से शामिल करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने नशे का पता लगाने के लिए रेस्तरां इत्यादि के औचक निरीक्षण तथा हॉटस्पाट पर नियमित पेट्रोलिंग करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में अधिकारियों ने नशा नियंत्रण से जुड़े अपने सुझाव प्रस्तुत किए और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।
बैठक का संचालन पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल ने किया।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त अश्वनी कुमार, सहायक आयुक्त जयवंती ठाकुर, जिला पर्यटन अधिकारी रोहित शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ रणजीत, सहायक आयुक्त आबकारी फूल चंद राणा सहित अन्य उपस्थित रहे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *