Listen to this article
सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट : केलांग, 24 मई
हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी), केलांग के क्षेत्रीय प्रबंधक अंशित शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण लाहौल स्पीती द्वारा केलांग-लेह मार्ग को सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है। इस संबंध में सभी औपचारिकताएं पूर्ण होने के उपरांत हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) केलांग इकाई ने दिल्ली-केलांग-लेह बस सेवा को 26 मई 2026 से आरंभ की जा रही है।
गौरतलव है कि यह बस सेवा जिला में सर्दियों के समय बर्फवारी होने से पूर्व ही बंद कर दी गई थी। उन्होंने बताया कि यह बस सेवा राष्ट्रीय राजमार्ग-03 पर स्थित प्रमुख पर्यटन स्थलों से होकर संचालित की जाएगी। यात्रा के दौरान बस जिस्पा, दारचा, जिंगजिंग बार, बारालाचा ला, भरतपुर, सरचू, गाटा लूप्स, नकी ला पास, तंगलंग ला, रुम्तसे तथा उपशी जैसे महत्वपूर्ण स्थलों से गुजरते हुए लेह पंहुचेगी ।
एचआरटीसी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार दिल्ली से लेह तक की कुल दूरी लगभग 990 किलोमीटर है तथा यात्रा का किराया 1839 रुपये रखा गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए ऑनलाइन बुकिंग की व्यवस्था एचआरटीसी पोर्टल पर उपलब्ध करवाई गई है।
उन्होंने बताया कि यह बस सेवा के निर्धारित समय अनुसार दिल्ली से बस दोपहर 12ः10 बजे प्रस्थान करेगी। इसके बाद बस अंबाला कैंट 3ः50 बजे, चंडीगढ़ 6ः20 बजे, मंडी रात्रि 10ः55 बजे, कुल्लू रात्रि 1ः30 बजे, मनाली रात्रि 2ः30 बजे तथा प्रातः 5ः30 बजे केलांग पहुंचेगी और अगले दिन शाम 7ः00 बजे लेह पहुंचेगी। वापसी यात्रा में बस लेह से प्रातः 3ः30 बजे रवाना होगी तथा शाम 4ः30 बजे केलांग पहुंचेगी।
इसके अतिरिक्त उन्होंने बताया कि हि.प.प.नि.केलांग ने चंडीगढ़ बस सेवा ( सायं 5ः30 बजे ) का संचालन भी प्रारम्भ कर दिया गया है।
एचआरटीसी प्रबंधन ने आम जनता एवं पर्यटकों से आग्रह किया है कि यात्रा से पूर्व मौसम एवं मार्ग की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें तथा सुरक्षित एवं सुगम यात्रा के लिए निगम द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।











