सुरभि न्यूज़
ख़ुशी राम ठाकुर, बरोट
प्रदेशभर में पंचायत चुनाव के चलते छोटाभंगाल व चौहार घाटी में विभिन्न पदों के लिए कई इच्छुक उम्मीदवारों द्वारा नामांकन भरे गए। नाम वापिस लेने बाद चुनावी मैदान में उतरने वाले सभी उम्मीदवार चुनाव प्रचार में जी जान से जुट गए है। बार्ड सदस्य चुनाव के लिए मात्र दो या तीन, उपप्रधान पद के लिए तीन से चार, प्रधान पद के लिए दो से पांच, बीडीसी पद के लिए दो से चार तथा जिला परिषद के लिए चार से पांच उम्मीदवार चुनावी जंग में उतरे हैं।
दोनों घाटियों में पंचायत चुनाव को लेकर माहौल पूरी तरह से गर्म हो गया है। बार्ड सदस्यों से लेकर जिला परिषद सदस्यों तक गाँवों में बैठकें करने, बाजारों, दावों, चाय की दुकानों पर सम्पर्क साधने के साथ अपने पद तथा चिंह का परिचय दे कर अपने पक्ष में वोट डालने की अपील करने में जुटे हुए हैं। वहीँ सोशल मीडिया पर भी पोस्टर और संदेशों के माध्यम से तथा स्वयं अपने पक्ष में व अपने समर्थकों के साथ भी घर – घर जाकर लोगों से भारी से भारी समर्थन मांग रहे हैं।
कई लोग पुराने चेहरों द्वारा करवाए गए विकास कार्यों की सराहना करते हुए फिर से जिताने के मूड तथा कई लोग पुराने चहरे को नकारते हुए नए चेहरों को जिताने का मूड बना रहे हैं। दोनों घाटियों में यह दिलचस्प तथ्य देखने को मिल रहा है कि इससे पूर्व जो उम्मीदवार लोगों से बिल्कुल दूरी बनाए रखते थे वे अब सभी लोगों से अपनापन दिखाकर दोनों हाथ जोड़कर नमस्कार करने के साथ अपने लिए समर्थन माँगने में ज़रा भी झिजक नहीं कर रहे हैं।
सभी उम्मीदवार सर्मथकों सहित लोगों के घरों में दिन रात एक कर कई प्रकार के प्रलोभन देकर अपने पक्ष में समर्थन में वोट मांग रहे है। उम्मीदवारों के समर्थक घरों तथा चुनिन्दा स्थानों पर बैठकर वोटरों को कई प्रकार के प्रलोभन दे कर रिझाने में लगे हुए है और घर – घर जा कर वोट मांगने में जुटे हुए है।











