जिला लाहौल स्पीति में पंचायती राज चुनाव मतगणना को लेकर प्रशासन की तैयारियां पूर्ण 

Listen to this article
सुरभि न्यूज़

केलांग, 25 मई

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, केलांग में आज पंचायत चुनाव के मतगणना अभ्यास का आयोजन किया गया जिसमें चुनाव पर्यवेक्षक  डॉ. चिरंजी लाल और उपमंडलाधिकारी केलांग कुनिका एकर्स एवं एसडीएम उदयपुर अलीशा चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहीं। खंड  विकास अधिकारी डॉ. विवेक गुलेरिया ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को गिनती की समस्त प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक निर्देश विस्तारपूर्वक दिए गए। अभ्यास का प्रमुख उद्देश्य मतगणना के दौरान पारदर्शिता, शुद्धता तथा अनुशासन सुनिश्चित करना था। उन्होंने बताया कि प्रत्येक गिनती कक्ष में सात गिनती पर्यवेक्षक तथा सात सहायक तैनात किए गए हैं जबकि शेष कर्मी रिज़र्व में रखे गए हैं ताकि आवश्यकता अनुसार तत्काल व्यवस्था की जा सके।

उन्होंने बताया कि  अवैध मतों को गिनती में शामिल नहीं किया जाएगा। बैलेट बॉक्स खोलते समय सीलिंग तथा वर्टिकल स्लेट की उपस्थिति अनिवार्य रखी गई  है और बैलेट पेपर्स को 25‑25 के बंडलों में व्यवस्थित रखा जाएगा ताकि गिनती में पूर्ण पारदर्शिता बनी रहे। पोल ड्यूटी समाप्ति के बाद सबसे पहले पंचायत समिति (गुलाबी बैलेट) की गिनती की जाएगी और उसके पश्चात जिला परिषद (नीला बैलेट) के मतगणना का काम शुरू होगा। डॉ. विवेक गुलरिया ने बैंडलिंग, सीलिंग व गिनती के क्रम का व्यावहारिक प्रदर्शन करते हुए कर्मियों को निर्देश दिए तथा कहा कि किसी भी विवाद की स्थिति में कक्षाधिकारी/पर्यवेक्षक के लिखित निर्देश का पालन अनिवार्य होगा। चुनाव पर्यवेक्षक डॉ. चिरंजी लाल व उपमंडलाधिकारी कुनिका एकर्स ने निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया कि सभी क्रियाकलाप मानक संचालन प्रक्रियाओं के अनुरूप हों और आवश्यकतानुसार अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराए जाएँ। इस अवसर पर तहसीलदार केलांग विकास कुमार, नायब तहसीलदार शेर सिंह सहित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *