सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, शिमला
हिमालयन स्पोर्ट्स एंड कल्चरल यूथ क्लब शिमला’ के सदस्यों ने राज्य सचिवालय में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से शिष्टाचार भेंट की। इस विशेष बैठक के दौरान, प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को आगामी ‘शिमना क्रिकेट कार्निवल 2026’ के बारे में विस्तार से जानकारी दी, जिसका आयोजन 1 जून से 13 जून 2026 तक पुलिस ग्राउंड भराड़ी, शिमला में किया जा रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को इस भव्य टूर्नामेंट के साथ जुड़े दो मुख्य सामाजिक उद्देश्यों- “चिट्टा मुक्त शिमला” और “पर्यावरण संरक्षण” से अवगत कराया। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री को 13 जून को होने वाले कार्निवल के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने के लिए आमंत्रित किया गया। मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रखने और खेल-कूद से जोड़ने की इस अनूठी पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की और आमंत्रण को सहर्ष स्वीकार करते हुए अपनी उपस्थिति की हामी भरी।
इस महत्वपूर्ण अवसर पर शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान, अकी विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय अवस्थी, शिमला क्रिकेट कार्निवल के चेयरमैन मनोज चौहान और अध्यक्ष विरेंद्र बॉश्टू विशेष रूप से उपस्थित रहे।
शिमला क्रिकेट कार्निवल 2026 की मुख्य विशेषताएँ
नशा विरोधी महाभियान : यह कार्निवल महज एक टूर्नामेंट नहीं, बल्कि “नशा छोड़ो खेल खेलो” के मूल मंत्र के साथ शहर में बढ़ते चिट्टा (ड्रग्स) के खिलाफ एक जन-आंदोलन है।
विशाल भागीदारी : इस आयोजन में शिमला नगर निगम के सभी 34 वार्डों के 1000 से अधिक युवा खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जो गली क्रिकेट से लेकर प्रोफेशनल नॉकआउट तक का सफर तय करेंगे।
पर्यावरण के लिए ‘हर डॉट बॉन, एक पेड़’ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए समिति ने एक अनूठी पहल की है, जिसके तहत पूरे टूर्नामेंट में फेंकी जाने वाली हर ‘डॉट बॉल’ के बदले एक पेड़ लगाया जाएगा।
पहली बार डे-नाईट मैच : शिमला के इतिहास में पहली बार पुलिस ग्राउंड भरारी में फ्लडलाइट्स की रोशनी में दिन और रात दोनों समय क्रिकेट मैच खेले जाएंगे।
पुराने साथियों को समर्पित : हिमालयन स्पोर्ट्स एंड कल्चरल यूथ सोसायटी शिमला इस क्रिकेट कार्निवल को अपने पुराने दिवंगत सदस्यों, संजीव ठाकुर, अमित ठाकुर, नीरज ठाकुर व अविनाश नेगी को समर्पित कर रही है, जिनकी दुःखद मृत्यु 2023 में शिव बावड़ी में आई आपदा के दौरान हुई थी।
आयोजकों ने बताया कि यह कार्निवल युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा में मोड़ने और समाज में खेल भावना के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी को बढ़ावा देने का एक सशक्त माध्यम बनेगा।









