सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट : खराहल घाटी, कुल्लू
जिला कुल्लू मुख्यालय से सटी खराहल घाटी के थासीभ्रा गाँव में आज रविवार को बिजलेश्वर युवक मण्डल थासीभ्रा की आम सभा एवं चुनाव बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में युवक मण्डल के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया।
चुनाव बैठक मेँ संजय कुमार को सर्वसम्मति से अध्यक्ष, रोहित को उपाध्यक्ष, पुनीत को सचिव तथा मोहित को वित्त सचिव निर्वाचित किया गया। उपस्थित सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया तथा उन्हें सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी गई।
इस अवसर पर युवक मण्डल के निवर्तमान अध्यक्ष उत्तम चन्द ने अपने कार्यकाल के दौरान मिले सहयोग एवं समर्थन के लिए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने नवगठित कार्यकारिणी को बधाई देते हुए संगठन की गतिविधियों को और अधिक सशक्त बनाने तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि युवक मण्डल ने सदैव क्षेत्र के युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और भविष्य में भी यह परम्परा निरंतर जारी रहेगी ।
बैठक में युवाओं को खेल, सांस्कृतिक, सामाजिक एवं जनहित के कार्यों से जोड़ने, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान, नशा मुक्ति तथा समाज सेवा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान उपस्थित सदस्यों ने क्षेत्र में बढ़ते नशे के दुष्प्रभावों पर भी चिंता व्यक्त की।
बैठक में निर्णय लिया गया कि युवक मण्डल आगामी समय में युवाओं को नशे के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न जागरूकता अभियान, खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन करेगा। बिजलेश्वर युवक मण्डल थासीभ्रा ने सभी युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष संजय कुमार ने सभी सदस्यों का धन्यवाद करते हुए कहा कि वे पूरी टीम के साथ मिलकर युवक मण्डल की गौरवशाली परम्पराओं को आगे बढ़ाने तथा क्षेत्र के युवाओं एवं समाज के हित में समर्पित भाव से कार्य करेंगे।
बैठक का समापन संगठन की एकता, सहयोग, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जनसेवा के संकल्प के साथ किया गया। बैठक में नवनिर्वाचित अध्यक्ष संजय कुमार, उपाध्यक्ष रोहित, सचिव पुनीत, वित्त सचिव मोहित, कार्यकारिणी सदस्य पदम सिंह, नरेश कुमार, चुनी लाल, उत्तम चन्द, नरेंद्र कुमार व सुमित उपस्थित रहे।










