सुरभि न्यूज़
मनाली / कुल्लू, 07 जून
जिला कुल्लू में पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे हैं अभियान के तहत नशा तस्करों पर सख्त कार्यवाही करते हुए एक रिहायशी मकान के कमरे मेँ किराये पर रह रही पंजाब की महिला को 15. 240 ग्राम चिट्टा सहित गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है।
पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदनलाल कौशल ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस थाना मनाली की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित एवं सुनियोजित कार्रवाई करते हुए होटल विंटेज, चचोगा के समीप स्थित एक रिहायशी मकान में दबिश दी। तलाशी के दौरान वहां किराये पर रह रही एक महिला के कब्जे से 15.240 ग्राम हैरोइन (चिट्टा) बरामद की गई है। बरामद मादक पदार्थ का अनुमानित अवैध बाजार मूल्य लगभग ₹3,04,800 आंका गया है।
आरोपी महिला जो कि जिला तरनतारन (पंजाब) की निवासी है। महिला के विरुद्ध पुलिस थाना मनाली में धारा 21, मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस द्वारा बरामद नशीले पदार्थ के स्रोत, इसकी आपूर्ति श्रृंखला तथा इस अवैध तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए गहन जांच की जा रही है। मामले के प्रत्येक पहलू का सूक्ष्मता से विश्लेषण किया जा रहा है ताकि नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर इसमें संलिप्त सभी आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।










