एनएचपीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र कुमार गुप्ता ने पहली बार परियोजना क्षेत्र सैंज का किया दौरा 

Listen to this article

सुरभि न्यूज़

सैंज, 07 जून

कुल्लू जिला में मील का पत्थर साबित हो रहे पार्वती प्रोजेक्ट में रविवार को एनएचपीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र कुमार गुप्ता ने पहली बार परियोजना क्षेत्र सैंज का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ पार्वती प्रोजेक्ट चरण दो के महाप्रबंधक प्रभारी रंजीत सिंह व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। एनएचपीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक का कार्यभार संभालने के बाद भूपेंद्र गुप्ता पहली बार पार्वती पावर स्टेशन पहुंचे।

पंचायत प्रतिनिधियों, पार्वती के अधिकारियों सहित ग्रामीणों ने चेयरमैन का गर्म जोशी के साथ स्वागत किया। एनएचपीसी के अध्यक्ष ने सर्वप्रथम पार्वती पावर स्टेशन चरण तीन बिहाली का भ्रमण किया। तदोपरांत सियूंड स्थित पावर हाउस में प्रोजेक्ट की तमाम गतिविधियों का जायजा लिया।

नवगठित ग्राम पंचायत रैला तथा रैला-2 के नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों ने क्षेत्र में आ रही विभिन्न समस्याओं को एनएचपीसी के अध्यक्ष के सामने रखा। अध्यक्ष भूपेंद्र कुमार गुप्ता ने पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।

रैला पंचायत के नवनिर्वाचित प्रधान टेक सिंह ठाकुर ने बताया कि पंचायत क्षेत्र में परियोजना के कारण कई समस्याएं सामने आई है। प्राकृतिक आपदा के कारण पंचायत को जोड़ने वाला एकमात्र संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है, जिस कारण लोगों को अपने उत्पाद पीठ पर ढोकर पांच किलोमीटर तक पहुंचाने पर रहे हैं।स्कूली बच्चों के अलावा तमाम लोगों को परेशानी हो रही है।

पंचायत प्रधान ने कहा कि पार्वती परियोजना से सैकड़ो लोग प्रभावित व विस्थापित हुए हैं, लेकिन रोजगार के नाम पर हर बार आश्वासन ही मिलता रहा है। पंचायत प्रधान ने एनएचपीसी के अध्यक्ष से आग्रह किया है कि सियूंड रैला मार्ग को एनएचपीसी अपने अधीन लाकर प्राथमिकता के आधार पर इसका जीर्णोद्धार करें।

एनएचपीसी के आला अधिकारी ने आश्वासन दिया कि इस बारे में वे प्रदेश सरकार से बात करेंगे तथा अपने स्तर पर भी निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इस मौके पर रैला दो पंचायत के प्रधान डाबे राम, उप प्रधान पराग ठाकुर, मोतीराम कटवाल, धनीराम, खेवा राम कायथ के अलावा अन्य पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *