सपने देखें और जुनून के साथ आगे बढ़े विद्यार्थी – गोकुल बुटेल

Listen to this article
सुरभि न्यूज़
कुल्लू, 12 जून
नर्सिंग स्कॉलर सोसायटी हिमाचल प्रदेश बौर क्रिश्चियन नर्सिंग कॉलेज, कुल्लू के के सौजन्य से अटल सदन में आयोजित एक दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का समापन मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (इनोवेशन, डिजिटल टेक्नोलॉजी एंड गवर्नेंस) गोकुल बुटेल ने किया। नर्सिंग स्कॉलर सोसायटी, द्वारा क्रिश्चियन नर्सिंग कॉलेज कुल्लू के सहयोग से “कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर)” विषय पर राष्ट्रीय स्तर की कार्यशाला का आयोजन किया गया। “कोड ब्लू रेडी – बी प्रिपेयर्ड, बी कॉन्फिडेंट, बी ए लाइफसेवर” थीम पर आयोजित इस कार्यशाला में नर्सिंग एवं मेडिकल विद्यार्थियों, प्रशिक्षकों तथा स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों ने भाग लिया।
अपने संबोधन में गोकुल बुटेल ने नर्सिंग स्कॉलर सोसायटी हिमाचल प्रदेश और क्रिश्चियन नर्सिंग कॉलेज को इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यशाला के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में दक्षता, आधुनिक तकनीक और व्यावहारिक प्रशिक्षण का समन्वय समय की आवश्यकता है। सीपीआर जैसी जीवनरक्षक तकनीकों का प्रशिक्षण नर्सिंग एवं मेडिकल विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में बेहतर सेवाएं देने के लिए सक्षम बनाता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य शिक्षा को गुणवत्तापूर्ण बनाने और विद्यार्थियों को नवीनतम तकनीकों से जोड़ने के लिए ऐसे आयोजन लगातार होने चाहिए। इससे युवा स्वास्थ्य पेशेवरों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और समाज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। उन्होंने नर्सिंग विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता के लिए संतुष्टि, अपने दिल की सुनने और अपने जुनून का अनुसरण करने के साथ-साथ बड़े सपने देखना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि “सपने देखेंगे, तभी आगे बढ़ेंगे और नई ऊंचाइयों को हासिल करेंगे।”
    उन्होंने कहा कि प्रदेश में अन्य क्षेत्रों के साथ साथ स्वास्थ्य क्षेत्र में नवाचार और आधुनिकीकरण की दिशा में व्यापक कार्य किए जा रहे हैं। अब तक प्रदेश के लगभग 70 लाख लोगों की हेल्थ आईडी बनाई जा चुकी हैं, जिनमें प्रत्येक व्यक्ति का संपूर्ण चिकित्सा रिकॉर्ड डिजिटल रूप में सुरक्षित रहेगा।
उन्होंने बताया कि आईजीएमसी, चमियाना अस्पताल सहित बड़े स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टरों की प्रिस्क्रिप्शन भी मरीजों को मोबाइल संदेश के माध्यम से उपलब्ध कराने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है।
उन्होंने नर्सिंग पेशे को अत्यंत गरिमामय और मानवता की सेवा का सर्वोत्तम माध्यम बताते हुए कहा कि नर्सें मरीजों की देखभाल में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। जन्म से लेकर जीवन के अंतिम क्षण तक अस्पतालों में सबसे पहले मरीज की सेवा और देखभाल करने वाली नर्स ही होती है। उन्होंने कहा कि विश्व स्तर पर प्रशिक्षित नर्सों की मांग लगातार बढ़ रही है और प्रदेश की नर्सों के लिए भी विदेशों में बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने कौशल को निरंतर विकसित करने, आधुनिक तकनीक को अपनाने और सेवा भाव के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
 
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकारी सेवाओं के डिजिटलीकरण को प्राथमिकता दे रही है।इसी क्रम में प्रदेश में लर्निंग लाइसेंस जैसी कई महत्वपूर्ण सुविधाएं भी ऑनलाइन की जा चुकी हैं, जिससे लोगों को घर बैठे सेवाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि वे वर्ष 2023 की प्रदेश आई प्राकृतिक आपदा के बाद केवल एक रुपये वेतन ले रहे हैं और उनका स्टाफ भी कोई टीएडीए नहीं लेते, अपनी गाड़ी का खर्च और सरकारी मकान का किराया भी स्वयं बहन करते हैं। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह को आकर्षक बनाया। बुटेल ने नर्सिंग स्कॉलर सोसायटी को अपनी ओर से एक लाख रुपये देने की घोषणा की।
 समापन समारोह में ज़िला शिमला कांग्रेस कमेटी के महासचिव अश्वनी ब्रामटा और नेशनल एसोसिएशन फ़ॉर ब्लाइंड की सचिव शालिनी वत्स किमटा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर घनश्याम शर्मा, पिंगला भंडारी, अमित, चन्दरकेश शर्मा, नर्सिंग स्कॉलर सोसायटी हिमाचल प्रदेश की अध्यक्ष सीमा ब्रागटा, क्रिश्चियन नर्सिंग कॉलेज के सीएमडी सुखदेव मसीह, उपाध्यक्ष डॉ. रीना डोगरा, महासचिव सुमन बोध, राज्य समन्वय अधिकारी डॉ. नोबल शर्मा, जनसंपर्क एवं मीडिया समन्वयक उषा ठाकुर, सांस्कृतिक एवं शिक्षा समन्वयक राजरानी, सांस्कृतिक समिति के अध्यक्ष दीपक शांडिल्य सहित विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्ति, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *