जिले के विभिन्न विद्यालयों में अध्ययनरत प्रवासी मजदूरों के बच्चों को मुख्य अध्यापक राजेंद्र कुमार दे रहे सराहनीय सहयोग – किरण भडाना

Listen to this article
सुरभि न्यूज़
प्रताप अरनोट, केलांग
उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना के सक्षम मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा प्रवासी मजदूरों के बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने तथा उन्हें आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में ग्राम रंगवे निवासी राजेंद्र कुमार पुत्र दिले राम जो कि राजकीय केंद्र प्राथमिक स्कूल रंगवे में केंद्रीय मुख्य अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं द्वारा जिले के विभिन्न विद्यालयों में अध्ययनरत प्रवासी मजदूरों के बच्चों को महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
राजेंद्र कुमार ने स्थानीय स्कूल प्रबंधन समितियों (एसएमसी) के समन्वय से सरकारी केंद्र प्राथमिक पाठशाला लोट के 16 बच्चों, लपशक विद्यालय के 3 बच्चों तथा तोजिंग विद्यालय के 2 बच्चों सहित कुल 25 बच्चों को स्टेशनरी, अध्ययन सामग्री,स्कूल बैग,ट्रैक सूट एवं अन्य आवश्यक शैक्षणिक वस्तुएं उपलब्ध करवा रहे हैं। उनके इस सराहनीय योगदान से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने में सहायता मिल रही है।
उपायुक्त किरण भड़ाना ने राजेंद्र कुमार के इस सामाजिक कार्य की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि जिला प्रशासन प्रत्येक बच्चे को बुनियादी एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि समाज के जागरूक नागरिकों की सहभागिता से ऐसे प्रयास और अधिक प्रभावी बनते हैं तथा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस) संजय डोगरा तथा जिला बाल संरक्षण अधिकारी हीरा नंद, जिला बाल कल्याण समिति अध्यक्षा शशि किरण, सदस्य हीरा लाल प्रवासी मजदूरों के बच्चों के नामांकन एवं उनके शैक्षणिक अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं। इन्होंने अब तक प्रशासन के सहयोग से अब तक लाहौल उपमंडल में 45प्रवासी बच्चों का विभिन्न विद्यालयों में सफलतापूर्वक नामांकन करवाया जा चुका है ।
उपायुक्त ने जिले के सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों तथा स्वयंसेवी संस्थाओं से बच्चों की शिक्षा के लिए आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही यह सुनिश्चित किया जा सकता है कि कोई भी बच्चा शिक्षा के अधिकार से वंचित न रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *